Raipur Traders Cash Seized महासमुंद जिले में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोमाखान थाना क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक कार से 75 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। कार में सवार दो युवक इस रकम के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद पुलिस ने पूरी नकदी जब्त कर उन्हें हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार 16 मार्च को पुलिस टीम टेमरी नाका पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इस दौरान सड़क पर गुजरने वाली गाड़ियों को रोककर तलाशी ली जा रही थी। तभी ओडिशा के खरियार रोड की ओर से रायपुर की तरफ आ रही एक सफेद होंडा कार (क्रमांक OD 05 PB 2122) को पुलिस ने संदेह के आधार पर रोका।
कार की जांच करने पर पुलिस को बीच वाली सीट पर रखे नीले रंग के बैग में बड़ी मात्रा में नकदी मिली। बैग खोलकर देखने पर उसमें 75 लाख रुपये नकद पाए गए। यह रकम 500-500 रुपये के नोटों के 150 बंडलों में रखी हुई थी और प्रत्येक बंडल में 100 नोट शामिल थे।
कार चालक की पहचान ओडिशा के बलांगीर जिले के मुंडापला निवासी राजेंद्र महानंद (27) के रूप में हुई, जबकि उसके साथ बैठे व्यक्ति ने अपना नाम बलांगीर जिले के कांटाबांजी निवासी महाप्रज्ञ जैन (47) बताया। पूछताछ के दौरान महाप्रज्ञ जैन ने पुलिस को बताया कि यह रकम सोना-चांदी के व्यापार से जुड़ी है और इसे कांटाबांजी से रायपुर के मनोहर मका एंड कंपनी समेत लगभग 60 ज्वेलरी व्यापारियों को पहुंचाया जाना था।
पुलिस ने दोनों से इस रकम से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 94 के तहत नोटिस दिया, लेकिन वे कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके। इसके बाद पुलिस ने 75 लाख रुपये नकद, लगभग 10 लाख रुपये कीमत की होंडा कार और करीब 10 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन जब्त कर लिया।
जब्त की गई संपत्ति का कुल मूल्य लगभग 85 लाख 10 हजार रुपये आंका गया है। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले की जानकारी आयकर विभाग को भी दी गई है और अब आयकर विभाग की टीम नकदी के स्रोत और लेन-देन की जांच करेगी।
Read More : झाड़-फूंक के बहाने 50 हजार और जेवर चोरी, नींबू गाड़ने भेजकर किया पार, 2 साल से फरार महिला चढ़ी पुलिस के हत्थे

