Surajpur Fraud Case सूरजपुर। धोखाधड़ी के मामले में फरार आरोपी सुनील विश्वकर्मा को सूरजपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सुनील विश्वकर्मा, पिता राधेश्याम विश्वकर्मा, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम बहुर, थाना सिंगरामऊ, जिला जौनपुर, उत्तर प्रदेश, ने 14 जनवरी 2026 को नयनपुर से भदौरी, उत्तर प्रदेश के लिए भेजी गई 30 टन 160 किलो सरिया (छड़) गायब कर दिया, जिसकी कीमत 15,23,908 रुपये हैं।
इस मामले में पहले दिनांक 1 फरवरी 2026 को आरोपी मनीष यादव, सूरज सोनी और मनीष सिंह परिहार को गिरफ्तार किया गया था। इनके कब्जे से सरिया की बिक्री की रकम से खरीदे गए ट्रक समेत दो अन्य ट्रक, कुल मूल्य 1 करोड़ 50 लाख रुपये के ट्रक जब्त किए गए थे।
डीआईजी और एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने फरार आरोपी की पतासाजी कर पुलिस टीम गठित की। थाना सूरजपुर पुलिस ने तकनीकी सहायता और सूचना के आधार पर उत्तर प्रदेश के विंध्याचल, जिला मिर्जापुर में दबिश देकर सुनील विश्वकर्मा को पकड़ा। आरोपी ने पूछताछ में अपने जुर्म को स्वीकार किया।
कार्यवाही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी और सीएसपी बेनार्ड कुजूर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सूरजपुर विमलेश दुबे, एएसआई देवनाथ चौधरी, आरक्षक जितेन्द्र पटेल और चंद्रप्रकाश साहू की सक्रियता में की गई। आरोपी को विधिवत् 16 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

