Balod Gang Rape Case बालोद जिले में एक विधवा महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़िता जब न्याय की उम्मीद लेकर ग्रामीण स्तर पर पहुंची, तो ग्राम प्रमुखों ने आरोपियों से जुर्माना लेकर मामले को दबाने की कोशिश की। बाद में पीड़िता ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है।
जानकारी के अनुसार घटना 22 फरवरी 2026 की रात बालोद थाना क्षेत्र के एक गांव की है। बताया जा रहा है कि आरोपी रोशन कुमार साहू के घर पर शराब पार्टी चल रही थी। पार्टी खत्म होने के बाद रोशन के घर से लौट रहे विकास सिन्हा ने गांव के एक नल के पास 37 वर्षीय विधवा महिला को देखा। इसके बाद उसने अपने साथी कमल कुमार सेन को फोन कर बुलाया। दोनों ने मिलकर महिला को जबरन उठाया और करीब 300 मीटर दूर एक सुनसान स्थान पर ले गए। वहां उन्होंने रोशन कुमार साहू को भी फोन कर बुला लिया। इसके बाद तीनों आरोपियों ने महिला के साथ रात करीब 12 बजे तक बारी-बारी से दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद मामला गांव के स्तर पर पंचायत में पहुंचा, जहां ग्राम प्रमुखों ने आरोपियों से 40-40 हजार रुपए दंड के रूप में लेकर मामले को वहीं समाप्त करने की कोशिश की। महिला को जब वहां न्याय नहीं मिला तो उसने बालोद थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
एसडीओपी बोनिफास एक्का के अनुसार पीड़िता की शिकायत के आधार पर 13 मार्च को एफआईआर दर्ज की गई। एएसपी मोनिका ठाकुर ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों विकास सिन्हा और कमल कुमार सेन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे आरोपी रोशन कुमार साहू की तलाश की जा रही है।
टीआई शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 87, 70(1) तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की धारा 3(2)(v) के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
बताया जा रहा है कि पीड़िता का विवाह प्रेम प्रसंग के चलते हुआ था, लेकिन पति की मृत्यु के बाद वह अपने मायके में रह रही है। वहीं आरोपी रोशन कुमार साहू वार्ड क्रमांक 10 का पंच बताया जा रहा है, जबकि विकास सिन्हा बाजार का ठेकेदार है और कमल कुमार सेन पेशे से ड्राइवर है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

