पत्नी से विवाद के बाद पिता ने बेटे की ली जान, जांजगीर-चांपा में 6 साल के आयुष को नहर में डुबोकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

पत्नी से विवाद के बाद पिता ने बेटे की ली जान, जांजगीर-चांपा में 6 साल के आयुष को नहर में डुबोकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Janjgir Champa Child Murder Case जांजगीर-चांपा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने अपने ही 6 साल के बेटे की नहर में डुबोकर हत्या कर दी। घटना पामगढ़ थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने आरोपी पिता रेशम यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार रेशम यादव की शादी वर्ष 2018 में हुई थी और उसके तीन बच्चे हैं। पारिवारिक विवाद और आए दिन होने वाले झगड़ों के कारण उसकी पत्नी अपनी दो बेटियों को लेकर मायके ग्राम भिलौनी चली गई थी, जबकि बेटा आयुष पिता के साथ ही रह रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी शराब पीने का आदी था और इसी वजह से पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

परिजनों के अनुसार रेशम यादव अपनी पत्नी को कई बार फोन कर धमकी देता था कि वह पहले बेटे को मार देगा और फिर खुद भी आत्महत्या कर लेगा। 13 मार्च की शाम वह अपने बेटे आयुष को साथ लेकर घर से निकला। इसके बाद 14 मार्च की रात करीब 1 बजे ग्राम भिलौनी के आवास पारा स्थित नहर में उसने बेटे को डुबोकर उसकी हत्या कर दी।

घटना के बाद आरोपी रात करीब 2 बजे अपनी ससुराल पहुंचा और पत्नी के घर जाकर खुद ही बेटे की हत्या करने की बात बताई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

पामगढ़ थाना प्रभारी सावन सारथी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने पहले नशे की हालत में साइकिल समेत नहर में गिरने से बेटे की मौत होने की बात कही थी। हालांकि कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि पत्नी के मायके चले जाने और वापस नहीं आने से वह गुस्से में था, इसलिए उसने बेटे आयुष को नहर के पानी में डुबोकर मार डाला।

पुलिस ने मामले में आरोपी रेशम यादव को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


Related Articles