दुर्ग में पुलिसकर्मी की दबंगई, बंदूक के बट से बीजेपी नेता के भाई की पिटाई, वीडियो वायरल होने के बाद कॉन्स्टेबल लाइन अटैच

दुर्ग में पुलिसकर्मी की दबंगई, बंदूक के बट से बीजेपी नेता के भाई की पिटाई, वीडियो वायरल होने के बाद कॉन्स्टेबल लाइन अटैच

Durg Police News दुर्ग जिले में एक पुलिसकर्मी द्वारा बीजेपी नेता के भाई से मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कॉन्स्टेबल राकेश चौधरी को लाइन अटैच कर दिया है और पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। मामला छावनी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार 12 मार्च की रात पावर हाउस रेलवे स्टेशन के पास नागेश साहू अपने कुछ साथियों के साथ खड़े थे। इसी दौरान छावनी थाने में पदस्थ दो कॉन्स्टेबल लव पांडेय और राकेश चौधरी वहां पहुंचे और स्टेशन के आसपास खड़े लोगों को भगाने लगे। अधिकांश लोग पुलिस को देखकर वहां से हट गए, लेकिन नागेश साहू और उनके कुछ साथी वहीं खड़े रहे। इस पर कॉन्स्टेबल राकेश चौधरी ने बंदूक को उल्टा कर उसके बट से नागेश साहू पर वार किया और कॉलर पकड़कर उन्हें पीछे धकेल दिया। घटना के दौरान वह अन्य लोगों से हाथ मिलाते हुए भी नजर आया। बाद में नागेश और उनके साथियों को वहां से भगा दिया गया।

नागेश साहू, भाजपा किसान मोर्चा राजनांदगांव के जिला उपाध्यक्ष आनंद साहू के छोटे भाई बताए जा रहे हैं। आनंद साहू ने पुलिसकर्मियों पर गुंडागर्दी का आरोप लगाते हुए कहा है कि वे इस मामले में पुलिस अधीक्षक से मिलकर सख्त कार्रवाई की मांग करेंगे। उन्होंने बताया कि राजनांदगांव में उनका ढाबा है और उनका भाई नागेश भी उसी ढाबे का संचालन करता है। भिलाई में उनके एक पूर्व कर्मचारी से कुछ एडवांस राशि लेनी थी, उसी सिलसिले में नागेश साहू भिलाई पहुंचे थे और पावर हाउस इलाके में उससे मिलने के लिए खड़े थे।

आनंद साहू का आरोप है कि पुलिसकर्मी वहां पहुंचे और बिना किसी कारण लोगों को भगाने लगे। उनके अनुसार बाकी लोग पुलिस को देखकर भाग गए, लेकिन नागेश और उनके साथ मौजूद लोग वहीं खड़े रहे, जिस पर पुलिसकर्मियों ने मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी शायद नशे की हालत में थे और उनके कपड़ों की स्थिति भी ठीक नहीं थी।

बताया जा रहा है कि घटना के समय दोनों कॉन्स्टेबल की ड्यूटी पावर हाउस स्थित सराफा बाजार में लगाई गई थी, लेकिन वे वहां से हटकर रेलवे स्टेशन के पास पहुंच गए थे और लोगों को भगाने लगे। पुलिस नियमों के अनुसार किसी भी पुलिसकर्मी को अपनी निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर ही तैनात रहना होता है।

घटना का वीडियो सामने आने के बाद दुर्ग पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कॉन्स्टेबल राकेश चौधरी को लाइन अटैच कर दिया है। साथ ही कॉन्स्टेबल लव पांडेय को भी लाइन अटैच करते हुए पूरे मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद दोषी पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Related Articles