Raipur Cyber Fraud Case : राजधानी में साइबर ठगों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ऑनलाइन ट्रेडिंग और ‘कलर ट्रेडिंग’ के नाम पर मोटा मुनाफा दिलाने का लालच देकर साइबर ठगों ने एक कारोबारी और एक कांस्टेबल को अपना शिकार बना लिया। दोनों मामलों में कुल 58 लाख रुपये की ठगी की गई है। हालांकि पुलिस की तत्परता से कारोबारी के 25 लाख रुपये होल्ड करवा लिए गए हैं। पुलिस के अनुसार पीड़ित कारोबारी का नाम सुशील कुमार और कांस्टेबल का नाम अजय रत्नाकर बताया गया है।
राजेंद्र नगर थाना प्रभारी नरेंद्र मिश्रा ने बताया कि दोनों पीड़ितों की शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। साइबर ठगों के खातों में ट्रांसफर हुई कुछ रकम को होल्ड भी कराया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
पुलिस और साइबर सेल के अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार टेलीग्राम या व्हाट्सएप के जरिए आने वाले निवेश के लालच में नहीं आना चाहिए, क्योंकि ‘कलर ट्रेडिंग’ या ‘कलर प्रेडिक्शन’ जैसी ऐप्स पूरी तरह फर्जी होती हैं और लोगों को ठगने के लिए बनाई जाती हैं।
अधिकारियों ने यह भी कहा कि यदि किसी के साथ साइबर ठगी होती है तो तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। शुरुआती एक घंटे के भीतर शिकायत करने पर, जिसे ‘गोल्डन आवर’ कहा जाता है, ठगी की रकम वापस मिलने की संभावना अधिक रहती है।

