अरपा नदी में अवैध रेत उत्खनन पर कार्रवाई सुस्त, जनदर्शन में लगातार शिकायतें, खनिज विभाग और पुलिस की निष्क्रियता से माफिया बेखौफ

अरपा नदी में अवैध रेत उत्खनन पर कार्रवाई सुस्त, जनदर्शन में लगातार शिकायतें, खनिज विभाग और पुलिस की निष्क्रियता से माफिया बेखौफ

Bilaspur Illegal Sand Mining बिलासपुर। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने अरपा नदी सहित अन्य नदियों से अवैध रेत उत्खनन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। बावजूद इसके, शहर और आसपास के इलाकों में अवैध रेत उत्खनन पर लगाम नहीं लग पा रहा है। खनिज विभाग के अधिकारी पिछले तीन दिनों में केवल 5 हाईवा और 6 ट्रैक्टर जब्त कर पाए हैं, जबकि पुलिस अवैध परिवहन को रोकने में सुस्त दिखाई दे रही है।

ड्रोन कैमरे से तैयार किए गए वीडियो में नदी के बीच दर्जनों ट्रैक्टर रेत उत्खनन करते हुए दिखाई दिए। इसके बाद प्रशासन ने दावा किया कि खनिज विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम सक्रिय है। लेकिन वास्तविकता यह रही कि खनिज विभाग के अफसर पर्याप्त कार्रवाई नहीं कर पाए, जिससे अवैध रेत उत्खनन बेखौफ जारी है।

जनदर्शन में भी लगातार अवैध उत्खनन और परिवहन की शिकायतें मिल रही हैं। बेलतरा क्षेत्र के ग्रामीणों ने अवैध मुरूम उत्खनन की शिकायत की। साथ ही रेत माफियाओं की सक्रियता की भी शिकायत दर्ज कराई गई थी। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कार्रवाई का भरोसा दिलाया था, लेकिन शहर और आसपास के इलाकों जैसे सेंदरी, घुटकू, लोखंडी, मंगला, छठघाट, दो मुहानी और ढेका में रेत उत्खनन जारी है।

खनिज विभाग ने तीन दिनों (11, 12 और 13 मार्च) में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर कार्रवाई करने का दावा किया। टीम ने लोफन्दी, कच्छार, लछनपुर, रतनपुर, लमेर, लारीपारा, घुटकू, निरतु, सेंदरी, कोनी, बिरकोना, मोपका, चकरभाठा, दर्रीघाट और जयरामनगर मस्तूरी क्षेत्र में जांच की। इस दौरान लारीपारा क्षेत्र से 2 ट्रैक्टर ट्राली, सेंदरी से 4 ट्रैक्टर ट्राली, कोनी से 1 हाईवा और जयरामनगर मस्तूरी से 3 हाईवा जब्त किए गए। इसके अलावा अवैध गिट्टी परिवहन करते हुए 1 हाईवा को भी पकड़ा गया।

तीन दिन में कुल 11 वाहनों को जब्त किया गया, लेकिन अवैध उत्खनन और परिवहन पर पर्याप्त नियंत्रण नहीं हो पाया है। खनिज विभाग का दावा है कि जिले में कार्रवाई लगातार जारी है, लेकिन हालात बताते हैं कि रेत माफिया बेखौफ होकर अपने काम में जुटे हैं।

Read More : खेत में मिली युवक की खून से लथपथ लाश, सिर और चेहरे पर धारदार हथियार से चोट, जांच में जुटी पुलिस


Related Articles