रायगढ़ में साइड देने को लेकर विवाद, युवक गैस ऑफिस में घुसकर डिलीवरी बॉय से की मारपीट, पुलिस ने किया गिरफ्तार

रायगढ़ में साइड देने को लेकर विवाद, युवक गैस ऑफिस में घुसकर डिलीवरी बॉय से की मारपीट, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Raigarh Crime News रायगढ़। जिले में मामूली कहासुनी के बाद एक युवक ने गैस ऑफिस में घुसकर डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट कर दी। साइड देने को लेकर सड़क पर हुए विवाद के बाद आरोपी युवक डिलीवरी बॉय का पीछा करते हुए ऑफिस तक पहुंच गया और वहां गाली-गलौज करते हुए उस पर हमला कर दिया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला चक्रधरनगर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक पीड़ित राजा अग्रवाल प्रियदर्शनी एचपी गैस ऑफिस में डिलीवरी बॉय का काम करता है। 11 मार्च की सुबह करीब 10:30 बजे वह अपने ऑटो से गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी करने दुर्गा मंदिर के सामने बोईरदादर रोड की ओर जा रहा था।

रास्ते में सुभाष चौक के पास एक मोटरसाइकिल चालक युवक से साइड देने को लेकर उसकी मामूली बहस हो गई। इसके बाद राजा अग्रवाल अपने काम के लिए गैस ऑफिस लौट आया, लेकिन मोटरसाइकिल चालक युवक उसका पीछा करते हुए ऑफिस तक पहुंच गया।

बताया जा रहा है कि युवक गुस्से में गैस ऑफिस के अंदर घुस गया और वहां मौजूद कर्मचारियों से डिलीवरी बॉय की शिकायत करने लगा। इसी दौरान जब डिलीवरी बॉय ऑफिस के अंदर आया तो युवक भड़क गया और गाली-गलौज करते हुए उसे एक तमाचा जड़ दिया।

डिलीवरी बॉय के विरोध करने पर दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। ऑफिस में मौजूद कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया, लेकिन कुछ देर बाद आरोपी युवक फिर से ऑफिस के अंदर घुस गया और दोबारा मारपीट करने लगा। इस दौरान उसने धमकी देते हुए कहा कि “मेरे खिलाफ शिकायत कर दो, मेरा नाम रिहान खान है, कोई कुछ नहीं कर पाएगा।”

घटना के बाद डिलीवरी बॉय ने 12 मार्च को चक्रधरनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच शुरू कर आरोपी की पहचान रिहान खान (23 वर्ष) के रूप में की, जो जिला पंचायत के पीछे छोटे अतरमुड़ा इलाके का रहने वाला है।

पुलिस ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने गैस ऑफिस के अंदर घुसकर मारपीट करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गैर जमानती धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

Read More : रायपुर में विजन 2030 कार्यशाला का शुभारंभ, मंत्री केदार कश्यप ने वन संसाधनों के वैज्ञानिक प्रबंधन पर दिया जोर


Related Articles