Raipur Jewellery Shop Theft Case रायपुर। राजधानी के देवपुरी इलाके में स्थित मां दुर्गा ज्वेलर्स में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में एक महिला और उसके साथी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी महिला ने अपनी ननद के दोस्त के साथ मिलकर इस पूरी वारदात को अंजाम दिया था। युवक को मौके पर ही पकड़ लिया गया था, जबकि महिला को पुलिस ने घेराबंदी कर दुर्ग से हिरासत में लिया।
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों की पहचान जांजगीर-चांपा निवासी कमलेश्वरी साहू और अभनपुर निवासी मेषराम साहू के रूप में हुई है। यह पूरा मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से इलाके में हुई अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है और जांच अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 12 मार्च को दोनों आरोपी ग्राहक बनकर ज्वेलरी दुकान में पहुंचे थे। गहने देखने के दौरान महिला ने बड़ी चालाकी से सोने का रानी हार, चांद वाली, अंगूठी और चांदी की पायल-बिछिया खुद ही पहन ली। कुछ देर बाद उसने दुकानदार से कहा कि उसकी सहेली बैंक से पैसे लेकर आ रही है और वह उसे देखने बाहर जा रही है।
इसके बाद महिला गहने पहने हुए ही दुकान से बाहर निकली और वहां से फरार हो गई। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटी तो दुकानदारों को शक हुआ। इसी दौरान उन्होंने महिला के साथ आए युवक मेषराम साहू को पकड़ लिया, जो मौके से भागने की कोशिश कर रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही टिकरापारा पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू किया। फुटेज और तकनीकी लोकेशन के आधार पर पुलिस ने महिला की तलाश शुरू की और दुर्ग में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सभी जेवरात बरामद कर लिए हैं। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा ने बताया कि सराफा कारोबारी की शिकायत के बाद आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई थी। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर महिला को गिरफ्तार किया गया। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

