मेकाहारा रायपुर में डीएम कार्डियोलॉजी सीट स्वीकृत, अब छत्तीसगढ़ में ही तैयार होंगे अधिक हृदय रोग विशेषज्ञ, प्रदेश के युवा डॉक्टरों को मिलेगा बड़ा अवसर

मेकाहारा रायपुर में डीएम कार्डियोलॉजी सीट स्वीकृत, अब छत्तीसगढ़ में ही तैयार होंगे अधिक हृदय रोग विशेषज्ञ, प्रदेश के युवा डॉक्टरों को मिलेगा बड़ा अवसर

Mekahara Raipur DM Cardiology Seat रायपुर। छत्तीसगढ़ के सबसे पुराने और दशकों से संचालित प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में शामिल पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, रायपुर (मेकाहारा) से जुड़ी एक महत्वपूर्ण मांग को राज्य सरकार ने पूरा कर दिया है। अब इस प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेज में डीएम कार्डियोलॉजी की सीट को स्वीकृति मिल गई है। लंबे समय से प्रदेश के डॉक्टरों और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों द्वारा इस सुपर स्पेशलिटी कोर्स की मांग की जा रही थी।

राज्य सरकार के इस निर्णय को प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। यह फैसला विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली राज्य सरकार और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के मार्गदर्शन में लिया गया है। सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के युवा डॉक्टरों को अब छत्तीसगढ़ में ही सुपर स्पेशलिटी चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

डीएम कार्डियोलॉजी की सीट शुरू होने से आने वाले समय में छत्तीसगढ़ में ही अधिक संख्या में हृदय रोग विशेषज्ञ (कार्डियोलॉजिस्ट) तैयार होंगे। इससे प्रदेश के मरीजों को बेहतर और विशेषज्ञ हृदय उपचार सुविधाएं उपलब्ध होंगी और गंभीर हृदय रोगों के इलाज के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भरता भी कम होगी। साथ ही यह निर्णय राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

बताया जा रहा है कि यह मांग कई वर्षों से लंबित थी और इसे पूरा कराने के लिए डॉ. देवेंद्र कश्यप, जो बीजेपी प्रदेश चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक हैं, द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे थे। उनके सतत प्रयासों और राज्य सरकार से किए गए आग्रह का ही परिणाम है कि अब इस मांग को स्वीकृति मिल सकी है।

राज्य सरकार के इस फैसले से प्रदेश के युवा डॉक्टरों, चिकित्सा छात्रों और वरिष्ठ विशेषज्ञों के बीच खुशी और संतोष का माहौल है। इसे प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा के विकास और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इस संबंध में जानकारी बीजेपी प्रदेश चिकित्सा प्रकोष्ठ के मीडिया प्रभारी आशुतोष द्विवेदी द्वारा दी गई।

Read More : प्रदेश में पीसीपीएनडीटी और एआरटी एक्ट का कड़ाई से होगा पालन, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने दिए सख्त निर्देश, रायपुर में शुरू होगी मुफ्त IVF सेवा


Related Articles