छत्तीसगढ़ में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक, आम नागरिकों को अफवाहों से सतर्क रहने की सलाह

छत्तीसगढ़ में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक, आम नागरिकों को अफवाहों से सतर्क रहने की सलाह

LPG petrol diesel stock news रायपुर : राज्य शासन ने स्पष्ट किया है कि छत्तीसगढ़ में घरेलू एलपीजी, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और इनकी आपूर्ति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। मुख्य सचिव विकास शील की अध्यक्षता में 12 मार्च को खाद्य विभाग के सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले और ऑयल कंपनियों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की गई। इसके बाद, 13 मार्च को संचालक खाद्य विभाग की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय नियंत्रण एवं मॉनिटरिंग समिति का गठन किया गया।

केन्द्रीय खाद्य सचिव और उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से जानकारी दी गई कि देश में घरेलू एलपीजी और पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक है। इसके साथ ही 48,240 किलोलीटर अतिरिक्त केरोसिन का आबंटन भी किया गया है। जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उपभोक्ता मामलों के सचिव ने यह भी बताया कि आवश्यक वस्तुओं के बाजार भाव वर्तमान में स्थिर हैं।

प्रदेश में घरेलू एलपीजी की जमाखोरी को रोकने के लिए खाद्य विभाग और जिला प्रशासन की टीमें संदिग्ध स्थानों पर आकस्मिक जांच कर रही हैं। अब तक 102 स्थानों से 741 गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं। रायपुर जिले में सर्वाधिक 392 सिलेंडर जब्त किए गए हैं, जबकि बिलासपुर जिले से 130 सिलेंडर जब्त किए गए हैं।

प्रदेश में इंडियन ऑयल, हिन्दुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम द्वारा संचालित कुल पांच बॉटलिंग प्लांट में घरेलू एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और इनकी पूरी क्षमता से बॉटलिंग की जा रही है। 540 एलपीजी वितरकों को नियमित रूप से रिफिल सिलेंडर प्रदाय किए जा रहे हैं। राज्य में पेट्रोल और डीजल का भी पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और इन्हें 2,465 पेट्रोल-डीजल पंपों के माध्यम से उपभोक्ताओं को वितरित किया जा रहा है।

ऑयल कंपनियों द्वारा रिफिल सिलेंडर की बुकिंग के लिए पिछली बुकिंग से 25 दिन का समय निर्धारित किया गया है, इसलिए उपभोक्ताओं को रिफिल सिलेंडर की बुकिंग में इस समय सीमा का ध्यान रखना चाहिए। सभी उपभोक्ताओं को उनके वितरकों के प्रदाय नंबर पर ही ऑनलाइन बुकिंग करने की सलाह दी गई है।

राज्य शासन ने आम नागरिकों को अफवाहों या दुष्प्रचार से सतर्क रहने की सलाह दी है और किसी भी प्रकार की आपूर्ति संबंधित शिकायत के लिए खाद्य विभाग के टोल-फ्री नंबर 1800-233-3663 या 1967 पर शिकायत दर्ज करने का आग्रह किया है। राज्य शासन और ऑयल कंपनियां शिकायतों का तत्परता से समाधान करेंगी।

Read More : पाटन की छात्रा आंचल वर्मा का ‘माय भारत अंतर-राज्यीय युवा आदान-प्रदान’ कार्यक्रम के लिए चयन, मुंबई में करेंगी छत्तीसगढ़ और दुर्ग जिले का प्रतिनिधित्व


Related Articles