Devgarh Sub Tehsil Announcement News रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज सरगुजा जिले के उदयपुर क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा की गई। राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने विधानसभा में देवगढ़ में उप तहसील स्थापित किए जाने की घोषणा की। इस फैसले को उदयपुर क्षेत्र, देवगढ़ और आसपास के ग्रामीण इलाकों के लिए बड़ी प्रशासनिक राहत के रूप में देखा जा रहा है।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल की मांग पर यह घोषणा की गई। उन्होंने बताया कि लंबे समय से उदयपुर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक देवगढ़ में उप तहसील की स्थापना की मांग कर रहे थे। अब इस घोषणा के बाद क्षेत्र के हजारों लोगों को राजस्व और प्रशासनिक कार्यों के लिए दूर स्थित तहसील कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
देवगढ़ में उप तहसील बनने से क्षेत्र के ग्रामीणों को नामांतरण, सीमांकन, आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र जैसे जरूरी दस्तावेजों के साथ-साथ भू-अभिलेख से जुड़े कार्यों की सुविधा स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेगी। इससे लोगों का समय और खर्च दोनों बचेगा तथा प्रशासनिक कार्यों में भी तेजी आएगी।
स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। उनका कहना है कि उप तहसील बनने से उदयपुर क्षेत्र की प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होगी और ग्रामीणों को शासन की सेवाओं का लाभ अधिक आसानी से मिल सकेगा। देवगढ़ में उप तहसील की स्थापना को क्षेत्र में प्रशासनिक पहुंच बढ़ाने और विकास कार्यों को गति देने वाला अहम निर्णय माना जा रहा है।

