Raipur Crime News रायपुर। राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में केनाल रोड के पास 11 मार्च की शाम करीब 7 बजे कांकेर बस के एक सुपरवाइजर पर चार युवकों ने हमला कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने चाकू से हमला कर उसके पास से 15 हजार रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद घायल सुपरवाइजर को साथियों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार पीड़ित डेनियल मसीह कांकेर की एक बस में सुपरवाइजर के रूप में काम करता है। वह कर्मचारियों को भुगतान करने के लिए केनाल रोड के पीछे स्थित कांकेर बस के कार्यालय गया हुआ था। इसी दौरान एक्टिवा सवार एक युवक वहां पहुंचा और बाइक की तेज रोशनी डेनियल के चेहरे पर डालने लगा। डेनियल ने इसका विरोध किया तो युवक ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
कुछ देर बाद वह युवक अपने तीन साथियों के साथ वापस आया और सभी ने मिलकर डेनियल के साथ मारपीट शुरू कर दी। डेनियल ने जब विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया और उसके पास रखे करीब 15 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।
हमले में डेनियल मसीह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके साथी कर्मचारियों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां जांच में उसके शरीर पर चार जगह चोट के निशान मिले और नाक की हड्डी टूटने की भी पुष्टि हुई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है।
Read More : रायपुर में म्यूल अकाउंट रैकेट का पर्दाफाश, 13 एटीएम कार्ड और 7 पासबुक के साथ युवक-युवती गिरफ्तार

