Raipur Royal Castle Hotel Fire News रायपुर। राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र स्थित रॉयल कैसल होटल में गुरुवार शाम अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। होटल के ग्राउंड फ्लोर में बने स्टोर रूम से उठी आग की लपटें देखते ही देखते तेज हो गईं और काला धुआं पूरी बिल्डिंग में फैल गया। आग इतनी तेजी से फैली कि उसकी लपटें पहली मंजिल तक पहुंच गईं। हालांकि समय रहते रेस्क्यू शुरू कर दिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम करीब 4 बजे होटल के स्टोर रूम में अचानक आग लग गई। स्टोर में ज्वलनशील और सूखा सामान अधिक मात्रा में रखा होने के कारण आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते पहली मंजिल तक पहुंच गई। होटल के अंदर धुआं भरते ही वहां मौजूद मेहमानों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। होटल स्टाफ और स्थानीय लोगों की मदद से सभी लोगों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इस दौरान विधानसभा पुलिस की टीम भी मौके पर मौजूद रही और सुरक्षा के लिहाज से होटल के आसपास के इलाके को खाली कराया गया।
इस आगजनी की घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन स्टोर रूम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग की टीम आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है। होटल प्रबंधन की ओर से अब तक इस संबंध में पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

