जल स्रोतों में एसिड युक्त अपशिष्ट बहाने का मामला विधानसभा पहुंचा, विधायक अनुज शर्मा ने की जांच की मांग

जल स्रोतों में एसिड युक्त अपशिष्ट बहाने का मामला विधानसभा पहुंचा, विधायक अनुज शर्मा ने की जांच की मांग

Water Pollution Issue रायपुर। धरसीवा विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनुज शर्मा ने विधानसभा में क्षेत्र के जल स्रोतों में हो रहे प्रदूषण का मुद्दा उठाते हुए कारखानों द्वारा किए जा रहे एसिड युक्त अपशिष्ट के उत्सर्जन की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने सदन का ध्यान इस ओर आकर्षित करते हुए कहा कि औद्योगिक इकाइयों द्वारा बिना उचित उपचार के अपशिष्ट पदार्थों को भूमिगत किया जा रहा है और जल स्रोतों में एसिड युक्त अपशिष्ट छोड़ा जा रहा है, जिससे क्षेत्र का भूजल प्रदूषित और जहरीला हो रहा है।

विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि एसिड युक्त पानी के कारण स्थानीय निवासियों को स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही यह प्रदूषण क्षेत्र की कृषि भूमि और पशुधन के लिए भी घातक साबित हो रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में क्षेत्र के लोगों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं, जिसके चलते इस मुद्दे को सदन में उठाया गया है।

उन्होंने कहा कि धरसीवा क्षेत्र के नागरिकों का स्वास्थ्य और जल संसाधनों की शुद्धता उनकी प्राथमिकता है और कारखानों की लापरवाही के कारण जल स्रोतों का प्रदूषण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। विधायक ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में तत्काल संज्ञान लेते हुए प्रभावित क्षेत्रों में जल शुद्धिकरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

अनुज शर्मा ने यह भी मांग की कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के माध्यम से संबंधित औद्योगिक इकाइयों की तत्काल जांच कराई जाए और जो कारखाने दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सभी औद्योगिक इकाइयों को ‘जीरो लिक्विड डिस्चार्ज’ नीति का पालन करना अनिवार्य बनाया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में जल स्रोतों को प्रदूषित होने से बचाया जा सके और क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित और स्वच्छ जल उपलब्ध हो सके।

Read More : उतई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जीवन दीप समिति की साधारण सभा, विधायक प्रतिनिधि सहित कई सदस्य रहे उपस्थित, बैठक के बाद किया गया पौधारोपण


Related Articles