रायपुर की विधायक कॉलोनी में विंग कमांडर ने की खुदकुशी, कमरे में पंखे से लटका मिला शव, पुलिस कर रही जांच

रायपुर की विधायक कॉलोनी में विंग कमांडर ने की खुदकुशी, कमरे में पंखे से लटका मिला शव, पुलिस कर रही जांच

Wing Commander Suicide Case रायपुर। राजधानी रायपुर के पुरैना स्थित विधायक कॉलोनी में भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार विंग कमांडर विपुल यादव (39) का शव उनके घर के बेडरूम में पंखे से लटका हुआ मिला। यह घटना बंगला नंबर-79 में हुई, जहां वह अपने परिवार के साथ रहते थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।


जानकारी के मुताबिक 11 मार्च की सुबह सबसे पहले घर की मेड ने कमरे में विंग कमांडर विपुल यादव का शव फांसी के फंदे पर लटका देखा और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे की जांच की, लेकिन वहां से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। घटना के समय उनके दोनों बच्चे घर के दूसरे कमरे में सो रहे थे, जबकि उनकी पत्नी काम के सिलसिले में दिल्ली गई हुई थीं।


विपुल यादव मूल रूप से हरियाणा के रहने वाले थे और वर्तमान में रायपुर में तैनात थे। वे छत्तीसगढ़ में चल रहे एंटी नक्सल ऑपरेशन से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्व भी संभाल रहे थे। उनकी पत्नी अर्जिता श्रीवास्तव पहले भारतीय वायुसेना में अधिकारी थीं, लेकिन बाद में उन्होंने इस्तीफा देकर आईटी सेक्टर में नौकरी शुरू कर दी थी। दोनों की वर्ष 2014 में लव मैरिज हुई थी। उनके परिवार में 9 साल का बेटा और 7 साल की बेटी है, जो रायपुर में ही उनके साथ रहते थे।


घटना की सूचना मिलने के बाद उनकी पत्नी दिल्ली से रायपुर पहुंचीं। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 3 बजे वे जिला अस्पताल पहुंचीं, जहां तक विपुल यादव के शव का पोस्टमॉर्टम किया जा चुका था। पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और उसे जांच के लिए एफएसएल टीम को सौंपा गया है। शुरुआती तौर पर पुलिस पत्नी से किसी प्रकार के विवाद की आशंका जता रही है, हालांकि आत्महत्या की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।


पुलिस इस मामले में परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल परिवार के सदस्य रायपुर पहुंच चुके हैं और 12 मार्च को अंतिम संस्कार किए जाने की जानकारी सामने आई है।


Related Articles