Durg Congress Protest दुर्ग। घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर दुर्ग में कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दुर्ग के पटेल चौक पर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया और बढ़ी हुई कीमतों को वापस लेने की मांग की। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम लोगों की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ने का सबसे ज्यादा असर गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर पड़ रहा है। उनका कहना था कि पहले से ही खाने-पीने की वस्तुओं के दाम बढ़े हुए हैं, ऐसे में गैस सिलेंडर महंगा होने से घर का बजट पूरी तरह बिगड़ जाएगा। बताया जा रहा है कि गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ने के बाद छत्तीसगढ़ के कई जिलों में कांग्रेस द्वारा विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं और इसी कड़ी में दुर्ग में भी जिला कांग्रेस कमेटी ने पुतला दहन कर केंद्र सरकार के फैसले का विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि घरेलू गैस अब आम लोगों की पहुंच से दूर होती जा रही है। महंगाई के कारण आम जनता पहले ही परेशान है और ऐसे समय में गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ाना लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने जैसा है।
दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार महंगाई को लेकर गंभीर नहीं है। गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, लेकिन आम लोगों को कोई राहत नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को तुरंत बढ़ी हुई कीमतों को वापस लेना चाहिए।
वहीं भिलाई कांग्रेस जिला अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने कहा कि गैस की बढ़ती कीमतों का सबसे ज्यादा असर महिलाओं पर पड़ रहा है, क्योंकि घर की रसोई का पूरा जिम्मा उन्हीं के ऊपर होता है। गैस महंगी होने से घर चलाना और मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने कीमतें कम नहीं कीं तो कांग्रेस आगे भी विरोध प्रदर्शन जारी रखेगी।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रतीकात्मक रूप से सरकार का पुतला जलाकर अपना विरोध जताया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन की शुरुआत है और यदि आने वाले समय में भी महंगाई कम नहीं हुई तथा गैस सिलेंडर की कीमतों में राहत नहीं दी गई तो जिले भर में बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। साथ ही उन्होंने आम लोगों से भी इस मुद्दे पर आवाज उठाने की अपील की।

