Surajpur Mobile Shop Theft सूरजपुर। विश्रामपुर थाना क्षेत्र में मोबाइल दुकान में सेंधमारी कर मोबाइल चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 27 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 2 लाख 70 हजार रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार श्रीराम मोबाइल शॉप के संचालक अमित सिंह ने 1 मार्च 2026 को थाना विश्रामपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 27 फरवरी की रात करीब 10:30 बजे वह दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। अगले दिन 28 फरवरी की सुबह करीब 10:30 बजे जब उन्होंने दुकान खोली तो देखा कि दुकान के अंदर रैक में रखा सामान बिखरा हुआ है और दुकान के पीछे की दीवार में सेंध लगी हुई है। अज्ञात चोर दीवार तोड़कर दुकान में घुसा और 17 नए मोबाइल फोन तथा रिपेयरिंग के लिए आए 10 पुराने मोबाइल फोन चोरी कर ले गया। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की जानकारी मिलने पर डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने अज्ञात चोरों की जल्द पतासाजी कर उन्हें गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। थाना विश्रामपुर पुलिस लगातार मामले की जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान 8 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि तालाबपारा निवासी अभिषेक गुप्ता उर्फ गोलू और विमल उर्फ नान बाउ अपने पास नए मोबाइल रखे हुए हैं और उन्हें बेचने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि 27 फरवरी की रात वे एकता स्टेडियम विश्रामपुर में मिले थे, जहां उन्होंने श्रीराम मोबाइल दुकान में चोरी करने की योजना बनाई। इसके बाद विमल अपने घर से एक गैंता लेकर आया और दोनों रात में एकता स्टेडियम में ही रुके रहे। रात करीब 2 बजे वे वहां से निकलकर मोबाइल दुकान के पीछे वाली गली में पहुंचे। वहां विमल ने गैंता से दुकान की पीछे की दीवार को तोड़ा और दीवार में बने छेद से अभिषेक ने हाथ डालकर 17 नए मोबाइल और झोले में रखे 10 पुराने मोबाइल चोरी कर लिए।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए कुल 27 मोबाइल फोन, जिनकी कीमत लगभग 2 लाख 70 हजार रुपये है, तथा घटना में प्रयुक्त गैंता बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी अभिषेक गुप्ता उर्फ गोलू पिता स्वर्गीय प्रेम गुप्ता उम्र 22 वर्ष निवासी तलाबपारा शिवनंदनपुर और विमल उर्फ नान बाउ पिता शिवनारायण उम्र 21 वर्ष निवासी तलाबपारा शिवनंदनपुर को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले के खुलासे में थाना प्रभारी विश्रामपुर प्रकाश राठौर, एएसआई विशाल मिश्रा, गुड्डू कुशवाहा, प्रधान आरक्षक जयप्रकाश तिवारी, सोहर लाल पावले, आरक्षक शिव राजवाड़े, खेलसाय राजवाड़े, कुंदन सिंह, अखिलेश पाण्डेय, दिलपाल कसेरा, मनोज शर्मा, उमेश राजवाड़े और महिला आरक्षक प्रमिला कुजूर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Read More : बैंक में सेंध लगाकर तिजोरी तोड़ने की कोशिश, विश्रामपुर पुलिस ने आरोपी को दबोचा, 1 लाख रुपए का सामान बरामद

