बैंक में सेंध लगाकर तिजोरी तोड़ने की कोशिश, विश्रामपुर पुलिस ने आरोपी को दबोचा, 1 लाख रुपए का सामान बरामद

बैंक में सेंध लगाकर तिजोरी तोड़ने की कोशिश, विश्रामपुर पुलिस ने आरोपी को दबोचा, 1 लाख रुपए का सामान बरामद

Bank Robbery Attempt Surajpur सूरजपुर। ग्रामीण बैंक कुम्दा में सेंधमारी कर चोरी का प्रयास करने वाले आरोपी को थाना विश्रामपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने एक गैरेज में चोरी की घटना को भी अंजाम दिया था। आरोपी के कब्जे से गैरेज से चोरी किया गया करीब 1 लाख रुपये मूल्य का सामान बरामद किया गया है।

मामले में 5 मार्च 2026 को ग्रामीण बैंक कुम्दा के शाखा प्रबंधक धीरेन्द्र मौर्य ने थाना विश्रामपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 3 मार्च की शाम करीब 6 बजे बैंक बंद कर वह अपने घर चले गए थे। अगले दिन 4 मार्च को होली के कारण बैंक में अवकाश था। 5 मार्च की सुबह बैंक में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी नामिक दास जब बैंक खोलने पहुंचा तो उसने देखा कि बैंक के पीछे आंगन में वॉल्ट रूम की दीवार में सेंध लगाई गई है। उसने तत्काल इस संबंध में शाखा प्रबंधक को फोन कर सूचना दी।

बैंक के अंदर निरीक्षण करने पर लॉकर का हैंडल टूटा हुआ मिला और सीसीटीवी कैमरे के तार भी कटे पाए गए। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की जानकारी मिलने पर डीआईजी और एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने अज्ञात आरोपी की जल्द पतासाजी कर मामले का खुलासा करने के निर्देश दिए।

जांच के दौरान थाना विश्रामपुर पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और बैंक में लगे सीसीटीवी फुटेज का गहन अध्ययन किया। लगातार पतासाजी के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि संदिग्ध हुलिया का व्यक्ति कुम्दा कॉलोनी में देखा गया है। इस पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राजेन्द्र चतुर्वेदी पिता स्वर्गीय अवधेश चतुर्वेदी उम्र 45 वर्ष निवासी भटलु थाना बिछिया जिला रीवा (मध्यप्रदेश), वर्तमान निवासी पुराना माइनस कुम्दा कॉलोनी क्वार्टर नंबर 119 थाना विश्रामपुर बताया। पूछताछ में उसने बैंक में सेंधमारी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। उसने बताया कि 5 मार्च की रात करीब 1 से 2:30 बजे के बीच बैंक की दीवार के ऊपर से आंगन में कूदकर सीसीटीवी कैमरे का तार तोड़ा और सब्बल से दीवार खोदकर बैंक के अंदर घुसा। इसके बाद उसने तिजोरी का लॉक खोलने का प्रयास किया, लेकिन तिजोरी नहीं खुली और उसका हैंडल टूट गया।

आरोपी ने यह भी बताया कि घटना के दौरान वह बैंक के अंदर से एक फोटो उठाकर ले गया था और घटना में प्रयुक्त सब्बल को अपने घर में रख दिया था। पूछताछ में उसने 4 मार्च की रात नरेश के गैरेज का ताला तोड़कर वहां से सामान चोरी करने की घटना को भी स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किया गया फोटो और गैरेज से चोरी किए गए 36 अलग-अलग सामान, जिनकी कीमत लगभग 1 लाख रुपये बताई जा रही है, बरामद कर लिए हैं।

पुलिस ने आरोपी राजेन्द्र चतुर्वेदी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले के खुलासे में थाना प्रभारी विश्रामपुर प्रकाश राठौर, एएसआई विशाल मिश्रा, प्रधान आरक्षक नवीन सिंह, जयप्रकाश तिवारी तथा आरक्षक अखिलेश पाण्डेय, शिवकुमार राजवाड़े, कुंदन सिंह, खेलसाय राजवाड़े, उमेश राजवाड़े, मनोज शर्मा, संजीव राजवाड़े, योगेश्वर सिंह कंवर, दिलपाल कसेरा सहित साइबर सेल के रोशन सिंह और अजय प्रताप राव की विशेष भूमिका रही।

Read More : पाटन में महिला दिवस पर महतारी वंदन सम्मेलन आयोजित, बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और होली मिलन का आयोजन


Related Articles