Patan Mahatari Vandan Sammelan पाटन। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग पाटन परियोजना के अंतर्गत नगर के सतनाम भवन में महतारी वंदन सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति रही। इस दौरान रंग पंचमी के अवसर पर महिलाओं ने फाग गीत गाकर होली मिलन का उत्साहपूर्ण माहौल बनाया और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में सांसद पत्नी रजनी बघेल, जनपद अध्यक्ष कीर्ति नायक, जिला पंचायत सदस्य नीलम चंद्राकर, जनपद उपाध्यक्ष कमलेश वर्मा, सांसद प्रतिनिधि राजेश चंद्राकर, जनपद सदस्य उर्वशी वर्मा, रश्मि वर्मा और सुरेंद्र वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। रजनी बघेल ने महिलाओं द्वारा जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आज ग्रामीण महिलाएं भी समाज में बेहतर कार्य कर अपनी अलग पहचान बना रही हैं। उन्होंने सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति को महिलाओं की जागरूकता और सशक्तिकरण का सकारात्मक संकेत बताया।
जनपद अध्यक्ष कीर्ति नायक ने कहा कि पहले महिलाएं केवल घर तक सीमित रहती थीं, लेकिन आज वे पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर हर क्षेत्र में कार्य कर रही हैं। इससे समाज में महिलाओं को बराबरी का सम्मान और महत्व मिल रहा है।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने नारी अदालत के माध्यम से महिलाओं के अधिकार और सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया। साथ ही जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए गांवों में जागरूकता अभियान चलाने और लोगों को इसके प्रति जागरूक करने पर भी चर्चा की गई।
महिला एवं बाल विकास विभाग पाटन परियोजना अधिकारी छाया वर्मा ने बताया कि परियोजना क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों से महिलाएं इस आयोजन में शामिल हुईं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक सेक्टर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनके माध्यम से शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली 10 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। इसके अलावा मातृत्व वंदन योजना और स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी महिलाओं तथा सहायिकाओं को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन पर्यवेक्षक झरना दास ने किया।

