Raipur Truck Theft Case रायपुर। राजधानी रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में होली के दौरान मंदिर के बाहर खड़ा एक ट्रक चोरी हो जाने का मामला सामने आया है। ट्रक मालिक की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महासमुंद पुलिस की मदद से महज चार घंटे के भीतर दो आरोपियों को हिरासत में लेकर चोरी किया गया ट्रक बरामद कर लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अमलीडीह निवासी मीना निर्मलकर ने न्यू राजेंद्र नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके नाम पर टाटा कंपनी का 12 चक्का ट्रक क्रमांक CG 07 BC 9172 पंजीकृत है, जिसे उनके पति वीरेंद्र निर्मलकर चलाते हैं। होली पर्व के चलते 2 मार्च को ट्रक को काली माता मंदिर के पास मेन रोड पर खड़ा किया गया था। 6 मार्च की सुबह करीब 4 बजे जब वाहन को देखने पहुंचे तो ट्रक मौके से गायब मिला।
शिकायत के आधार पर न्यू राजेंद्र नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और टोल प्लाजा के फुटेज की जांच की। फुटेज में आरोपियों को ट्रक लेकर फरार होते देखा गया, जिसके बाद पुलिस ने संभावित मार्गों के कैमरों की जांच कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के भागने का रास्ता ट्रेस किया।
मामले की जांच के दौरान एसीसीयू रायपुर, सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सलीहा थाना और महासमुंद पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त कार्रवाई की गई। इस दौरान पुलिस ने सलीहा थाना क्षेत्र से चोरी किया गया ट्रक बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रितेश दास उर्फ माईकल (26) और बजरंगी परिहार (19) के रूप में हुई है, जो रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी बजरंगी परिहार पूर्व में भी चोरी के एक मामले में माना स्थित बाल संप्रेषण गृह में निरुद्ध रह चुका है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर ट्रक जब्त कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

