CG Raigarh News: रायगढ़ में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, एक हफ्ते में 27 वाहन जब्त, तस्करों पर केस दर्ज

CG Raigarh News: रायगढ़ में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, एक हफ्ते में 27 वाहन जब्त, तस्करों पर केस दर्ज

CG Raigarh News: रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में रेत और अन्य खनिजों के अवैध उत्खनन व परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने सख्त अभियान शुरू किया है। एक सप्ताह के भीतर विभाग ने कार्रवाई करते हुए कुल 27 वाहनों को जब्त किया है। जब्त वाहनों को कलेक्ट्रेट और संबंधित थाना परिसरों में सुरक्षित रखा गया है।

खनिज विभाग को लंबे समय से अवैध खनन और रेत तस्करी की शिकायतें मिल रही थीं। आरोप था कि कई क्षेत्रों में खुलेआम रेत का अवैध परिवहन किया जा रहा है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने विशेष जांच अभियान चलाया।

कई इलाकों में दबिश

अभियान के तहत कोतरा रोड, भूपदेवपुर और पुसौर क्षेत्रों में औचक जांच की गई। जांच के दौरान रेत से लदे ट्रैक्टर और हाईवा पकड़े गए। सभी जब्त वाहनों को कलेक्ट्रेट परिसर के अलावा थाना कोतरा रोड, भूपदेवपुर, पूंजीपथरा और पुसौर थाना परिसर में खड़ा कराया गया है।

ये वाहन हुए जब्त

कार्रवाई के दौरान कुल 27 वाहन पकड़े गए, जिनमें —

  • रेत से भरे 20 ट्रैक्टर
  • रेत से भरे 2 हाईवा
  • मिट्टी और मुरूम से भरे 3 ट्रैक्टर
  • चूनापत्थर से भरे 2 हाईवा

शामिल हैं।

आरोपियों पर केस दर्ज

खनिज विभाग ने परिवहनकर्ताओं के खिलाफ छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के नियम 71 तथा खान-खनिज (विकास-विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 और 23(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन और परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

पहले भी हुई थी कार्रवाई

इससे पहले 15 दिसंबर को भी विशेष अभियान चलाकर 9 ट्रैक्टर रेत तस्करी करते पकड़े गए थे। उस दौरान खरसिया और पुसौर की ओर से अवैध परिवहन किया जा रहा था।

इन मामलों में जोरापाली के भानुकुमार चौहान, बाल्मिकी प्रजापति, कुरमापाली के नूतन साहू, गोपालपुर के प्रेम उरांव, पतरापाली के समीर पटेल, बाबाधाम रायगढ़ के तिरथलाल यादव, रायगढ़ के प्यारेलाल साहू, धनागर के उत्तम सारथी और हंडी चौक रायगढ़ के गणेश अग्रवाल के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया गया था।

खनिज विभाग का कहना है कि जिले में अवैध खनन पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।


Related Articles