शहीद कप फ्लड लाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन, सांसद विजय बघेल हुए शामिल, खिलाड़ियों और शहीद परिजनों का हुआ सम्मान

शहीद कप फ्लड लाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन, सांसद विजय बघेल हुए शामिल, खिलाड़ियों और शहीद परिजनों का हुआ सम्मान

Shaheed Cup Flood Light Cricket Tournament भिलाई। पदुम नगर में एच.एम. जन सेवा समिति के तत्वावधान में वीर शहीदों की स्मृति में आयोजित शहीद कप फ्लड लाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का 28 फरवरी को गरिमामय समापन हुआ। 21 से 28 फरवरी तक चले इस आयोजन में क्षेत्र के खिलाड़ियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल रहे। कार्यक्रम में राहुल टिकरिया, राकेश पाण्डेय (राज्यमंत्री दर्जा), पुरुषोत्तम देवांगन, स्वीटी कोशिश, एडीशनल एसपी सुखनंदन राठौर, सीएसपी सत्य प्रकाश सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत वीर शहीदों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुई, इसके बाद राष्ट्रीय गीत और राजकीय गीत प्रस्तुत किया गया तथा टॉस के साथ मैच प्रारंभ हुआ। सांसद विजय बघेल ने मैदान में उतरकर बल्लेबाजी करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

अपने संबोधन में सांसद ने देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि सैनिकों के त्याग और समर्पण के कारण देश सुरक्षित है। उन्होंने शहीद परिवारों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए माताओं का आशीर्वाद लिया। राकेश पाण्डेय ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में राष्ट्रभक्ति और आत्मविश्वास की भावना को मजबूत करते हैं, जबकि राहुल टिकरिया ने शहीद परिवारों के सम्मान को सच्ची राष्ट्रसेवा बताया।

कार्यक्रम के दौरान शहीदों के परिजनों को शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। पूर्व सैनिक राकेश निषाद और पवन कुमार का भी अभिनंदन किया गया। आयोजन में शहीद आकाश राव गिरपुंजे, राजेन्द्र पवार, नज़ीर बक्स, बेलसाजर तिर्की, प्रफुल्ल शुक्ला सहित अन्य वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम का संचालन लोकेश पाण्डेय एवं उनकी टीम ने किया। यह आयोजन खेल भावना के साथ-साथ शहीदों की स्मृति को जीवंत रखते हुए राष्ट्रभक्ति का संदेश देने वाला साबित हुआ।

Read More : सीएम साय ने होली से पहले सरगुजा के किसानों को दी बड़ी सौगात, 237 करोड़ से अधिक की अंतर राशि की ट्रांसफर, मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा- परिश्रम का उचित मूल्य मिल रहा


Related Articles