Surguja Farmer News रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने होली पर्व से पूर्व सरगुजा जिले के 52 हजार 553 किसानों को बड़ी सौगात देते हुए ‘कृषक उन्नति योजना’ के अंतर्गत धान की अंतर राशि के रूप में 237 करोड़ 89 लाख 99 हजार 700 रुपये से अधिक की राशि का वर्चुअल माध्यम से अंतरण किया। अम्बिकापुर स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में आयोजित वृहद किसान सम्मेलन में मुख्यमंत्री कार्यक्रम से जुड़े और किसानों के बैंक खातों में सीधे राशि हस्तांतरित की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास मंत्री राजेश अग्रवाल उपस्थित रहे, जिन्होंने प्रतीक स्वरूप पांच किसानों को प्रमाण पत्र वितरित किए।
मंत्री अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में धान की रिकॉर्ड खरीदी हुई है और किसानों को उनके परिश्रम का उचित मूल्य मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी के अनुरूप 21 क्विंटल प्रति एकड़ की दर से धान खरीदी की गई है। होली से पहले अंतर राशि का वितरण किसानों के लिए बड़ा तोहफा है। उन्होंने बताया कि कृषक उन्नति योजना के साथ भूमिहीन कृषि मजदूरों को भी 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है तथा ऑनलाइन व्यवस्थाओं और सीएससी केंद्रों के माध्यम से किसानों को सुविधा मिल रही है।
जिला पंचायत सदस्य दिव्या सिंह सिसौदिया ने कहा कि छत्तीसगढ़ धान का कटोरा है और किसान इसकी रीढ़ हैं। उन्होंने बताया कि अब दलहन, तिलहन, रागी, कोदो और कुटकी उत्पादक किसानों को भी आदान सहायता राशि प्रदान की जा रही है, जिससे खेती लाभ का व्यवसाय बन रही है।
कलेक्टर अजीत वसंत ने जानकारी दी कि जिले में 39 प्राथमिक समितियों और 54 धान उपार्जन केंद्रों के माध्यम से सुचारू रूप से खरीदी संपन्न हुई है। शासन द्वारा धान खरीदी की समय-सीमा बढ़ाए जाने से कोई किसान वंचित नहीं रहा। उन्होंने बताया कि धान उठाव का कार्य तेज गति से जारी है और अंतर राशि से किसानों को आगामी खेती कार्यों में सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
Read More : बस्तर की सांस्कृतिक धरोहर ने जीता अंतरराष्ट्रीय दिल, संयुक्त राष्ट्र मेंटर किर्सी ह्यवैरिनेन ने की सराहना

