जगदलपुर में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस समारोह, डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा- मातृशक्ति और युवाओं को विज्ञान में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा

जगदलपुर में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस समारोह, डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा- मातृशक्ति और युवाओं को विज्ञान में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा

National Science Day : जगदलपुर में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय, छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद तथा विज्ञान भारती के संयुक्त तत्वावधान में कृषि महाविद्यालय के सभागार में किया गया। समारोह में विज्ञान के क्षेत्र में नवाचार, शोध और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय विज्ञान दिवस वैज्ञानिकों के योगदान को स्मरण करने और युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने का अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों से विज्ञान को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखते हुए नवाचार और अनुसंधान की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने प्रारंभिक भारतीय और वैश्विक वैज्ञानिकों की चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान समय में विशेष रूप से मातृशक्ति को विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

उन्होंने बस्तर अंचल में वैज्ञानिक अनुसंधान को बढ़ावा देने पर बल देते हुए कहा कि यहां के युवा वैज्ञानिकों का नाम वैज्ञानिक ग्रंथों में दर्ज हो, इसके लिए प्रयास किए जाने चाहिए। इस अवसर पर उन्होंने विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को प्रेरित करने के उद्देश्य से “विज्ञान तीर्थ दर्शन अभियान” की शुरुआत करने की घोषणा की। इस अभियान के तहत युवा वैज्ञानिकों को देश के प्रमुख वैज्ञानिकों के जन्मस्थलों का अध्ययन भ्रमण कराया जाएगा।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने ‘दण्डकारण्य आमचो बस्तर विज्ञान महोत्सव’ का विमोचन भी किया। यह विज्ञान महोत्सव मार्च से सितंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें सोझ-गोठ (छात्र-वैज्ञानिक संवाद), जोहार प्रकृति (ग्राम समिति कार्यशाला), बस्तर अनुसंधान (लोक विज्ञान सम्मेलन), लोक-वैद्य सभा (पारंपरिक वैद्य विज्ञान अध्ययन एवं कार्यशाला) तथा विकास यात्रा (प्रबुद्धजनों की गोलमेज संगोष्ठी) जैसी गतिविधियां शामिल होंगी।

समारोह में भोपाल और रायपुर से पहुंचे वैज्ञानिकों एवं विशेषज्ञों ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के नवीनतम आयामों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में वैज्ञानिक चेतना का प्रसार करना और समाज में विज्ञान के महत्व को रेखांकित करना रहा। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के महानिदेशक डॉ. प्रशांत कवीश्वर, सीएसआईआर भोपाल के निदेशक डॉ. थल्लाडा भास्कर, विज्ञान भारती के विवस्वान, बस्तर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर मनोज श्रीवास्तव सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सांसद महेश कश्यप, विधायक किरण सिंह देव, महापौर संजय पांडेय, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, प्राध्यापकगण, शोधार्थी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल हुए।

Read More : दुर्ग जिले के लाखों किसानों के खातों में सीधे राशि ट्रांसफर, सांसद विजय बघेल बोले- विष्णु सरकार में पूरी हो रही मोदी की गारंटी


Related Articles