Durg Farmers Money Transfer पाटन, दुर्ग। कृषक उन्नति योजना के तहत आदान सहायता राशि वितरण समारोह एवं किसान सम्मेलन का आयोजन डॉ. खुबचंद बघेल भवन, अटारी पाटन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण और राजकीय गीत के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल, भाजपा प्रदेश मंत्री जितेंद्र वर्मा, जिला उपाध्यक्ष दिलीप साहू सहित कीर्ति नायक, हर्षा चंद्राकर, नीलम चंद्राकर, राजेश चंद्राकर, रानी बंछोर, रवि सिंह, रामकुमार चंद्राकर, योगेश निक्की भाले, राजा पाठक, चंद्रप्रकाश विजू एवं कमलेश चंद्राकर मौजूद रहे।
कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत धान एवं बीज उत्पादन करने वाले किसानों को आदान सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की गई। राज्य स्तर पर विकासखंड बिल्हा (जिला बिलासपुर) से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 24.28 लाख किसानों को 10,324.84 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से जारी की।
जिला उपाध्यक्ष दिलीप साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ को धान का कटोरा कहा जाता है और किसान देश की रीढ़ हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने किसानों के हित में कई योजनाएं लागू की हैं। पहले जहां किसानों को 14 से 16 प्रतिशत ब्याज पर ऋण मिलता था, वहीं अब शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। भूमिहीन किसानों को 10 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है और किस्तों के स्थान पर एकमुश्त राशि प्रदान की जा रही है।
भाजपा प्रदेश मंत्री जितेंद्र वर्मा ने कहा कि सरकार किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। सांसद विजय बघेल ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार मोदी की गारंटी को पूरा कर रही है और किसानों के खातों में सीधे राशि पहुंचाई जा रही है।
जिला दुर्ग में कुल 1,06,830 किसानों को 40,789.42 लाख रुपये का भुगतान किया जा रहा है। इसमें दुर्ग विकासखंड के 25,057 किसानों को 8,703.03 लाख रुपये, पाटन के 44,122 किसानों को 16,995.87 लाख रुपये तथा धमधा के 37,651 किसानों को 15,090.54 लाख रुपये की राशि अंतरित की गई है। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में किसान एवं भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

