Baloda Bazar Court Bomb Threat बलौदाबाजार जिला एवं सत्र न्यायालय को बुधवार सुबह एक धमकी भरा ई-मेल मिलने से हड़कंप मच गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के कार्यालय को सुबह 11:01 बजे एक संदिग्ध मेल प्राप्त हुआ, जिसमें न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। ई-मेल में साइनाइड गैस और आरडीएक्स का इस्तेमाल कर ब्लास्ट करने की बात कही गई थी और 11 बजे तक जजों एवं अन्य कर्मचारियों को परिसर खाली कराने की धमकी दी गई थी। यह मेल ‘sunniya_dasan@outlook.com’ आईडी से भेजा गया बताया जा रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और पूरे न्यायालय परिसर की सघन तलाशी ली गई। डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते की टीम ने भी हर कोने की जांच की।
करीब कई घंटों तक चली जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में ई-मेल फर्जी प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस इसकी विस्तृत जांच में जुटी हुई है। एहतियात के तौर पर सुरक्षा के सभी आवश्यक कदम उठाए गए थे। स्थिति सामान्य होने के बाद न्यायालय का कामकाज पुनः शुरू कर दिया गया।
घटना के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस ई-मेल के स्रोत का पता लगाने के प्रयास में जुटी है और मामले की जांच जारी है।
Read More : बलौदाबाजार में तेज रफ्तार ट्रेलर का कहर, ड्यूटी पर जा रहे दो पुलिस आरक्षकों की दर्दनाक मौत

