Chhattisgarh News: रायपुर। छत्तीसगढ़ के वन एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी द्वारा प्रस्तुत बजट पर कांग्रेस की नकारात्मक प्रतिक्रिया को ‘राजनीतिक दिवालियापन’ करार दिया है। उन्होंने कहा कि पांच साल तक प्रदेश को लूट और भ्रष्टाचार का केंद्र बनाने वाली कांग्रेस को विकासोन्मुखी बजट समझ नहीं आ रहा है।
कश्यप ने कहा कि भाजपा सरकार का बजट समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए समर्पित है, जबकि पिछली कांग्रेस सरकार के बजट केवल एक परिवार तक सीमित रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस विकास योजनाओं और कार्यक्रमों को शुतुरमुर्ग की तरह अनदेखा कर रही है और केवल विरोध की राजनीति कर रही है।
वन मंत्री ने कहा कि प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए कारगर प्रावधान किए गए हैं और सरकार तेजी से आगे बढ़ने के लिए संकल्पित है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि जिनके शासनकाल में गोबर और कोयले तक में घोटाले हुए, उन्हें पारदर्शिता और जनकल्याण का बजट ‘नकारात्मक’ ही लगेगा। कांग्रेस को इस बात का दुख है कि इस बजट में ‘कमीशन’ के लिए कोई जगह नहीं छोड़ी गई है।
कश्यप ने कहा कि सरकार प्रदेश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ कर रही है और हर हाथ को काम तथा हर खेत को पानी देने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ‘मोदी की गारंटी’ के संकल्पों को बजट के माध्यम से जमीन पर उतारा जा रहा है। महतारी वंदन योजना और किसानों को दिए जा रहे बोनस जैसे कदमों से हर वर्ग का सशक्तीकरण हो रहा है, जो कांग्रेस को रास नहीं आ रहा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस के नकारात्मक रवैये को देख रही है और समय आने पर उसका जवाब देगी। भाजपा सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र के साथ छत्तीसगढ़ को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

