Raipur Census Training News रायपुर। भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के संबंध में 20 फरवरी से 24 फरवरी 2026 तक रेड क्रॉस सभा कक्ष रायपुर में चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। इस दौरान कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार, जोन कमिश्नर और सीएमओ को जनगणना कार्य गंभीरता और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि जनगणना राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है और इसे निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करना अनिवार्य है। प्रथम चरण के मूल कार्य के लिए 1 मई से 31 मई तक का समय निर्धारित किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी चार्ज अधिकारियों की प्रतिबद्धता से ही यह कार्य सफल होगा और किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
प्रशिक्षण के दौरान जनगणना निदेशालय नवा रायपुर से ज्वाइंट डायरेक्टर प्रदीप साव ने विस्तृत मार्गदर्शन दिया। जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर कलेक्टर मनीष मिश्रा ने भी अपने पूर्व अनुभव साझा किए। प्रशिक्षण में जिला सांख्यिकी अधिकारी याकूब कुजूर की उपस्थिति रही।
प्रथम चरण में जिले के सभी आवासीय एवं गैर-आवासीय भवनों का सूचीकरण किया जाएगा। कलेक्टर ने रायपुर जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी सूचनाएं पूर्णतः गोपनीय रखी जाएंगी और उनका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।

