Raipur Car Fire Incident News रायपुर। राजधानी रायपुर में आज कलेक्ट्रेट के पास सड़क किनारे खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई। घटना घड़ी चौक क्षेत्र की बताई जा रही है। कार से धुआं और लपटें उठते देख आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और कई लोग मोबाइल से वीडियो बनाने लगे। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। आग लगने के कारणों और वाहन मालिक की जानकारी जुटाई जा रही है।
इसी बीच हाल ही में रायपुर में पेट्रोल पंप पर भी आगजनी की घटना सामने आई थी। उरला थाना क्षेत्र में 18 फरवरी की रात संगीता फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल भरवाने पहुंचे युवक ने सिगरेट पीने से मना करने पर कथित रूप से नोजल पाइप में लाइटर से आग लगा दी थी। आग नोजल पाइप के जरिए बाइक की टंकी तक पहुंच गई, जिससे लपटें उठने लगीं।
पंपकर्मी ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल मेन स्विच बंद किया और फायर फाइटिंग किट की मदद से आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पंप मैनेजर की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने शहर में आगजनी को लेकर सतर्कता की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर कर दिया है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
Read More : छत्तीसगढ़ में साय सरकार का तीसरा बजट पेश: किसानों, बेटियों और उद्योग पर बड़ा फोकस

