Raipur Cyber Fraud News रायपुर में शेयर बाजार में ज्यादा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 12 लाख 25 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित विजय कुमार तिवारी ने टिकरापारा थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार 12 जनवरी 2026 से 23 जनवरी 2026 के बीच मोबाइल नंबर 94533-64116 से पीड़ित से संपर्क किया गया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को शेयर मार्केट एक्सपर्ट बताते हुए कम समय में अधिक रिटर्न दिलाने का दावा किया। आरोपी ने एक लिंक भेजकर रजिस्ट्रेशन कराया और निवेश के लिए प्रेरित किया। अधिक मुनाफे के लालच में आकर विजय तिवारी ने आरोपी द्वारा बताए गए बैंक खाते में अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 12,25,000 रुपये जमा कर दिए।
शुरुआत में आरोपी ने फर्जी आंकड़े और स्क्रीनशॉट भेजकर मुनाफा दिखाया, जिससे पीड़ित को विश्वास हो गया। लेकिन जब रकम निकालने की कोशिश की गई तो आरोपी बहाने बनाकर टालता रहा और बाद में फोन उठाना बंद कर दिया। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी विनय सिंह बघेल ने बताया कि मोबाइल नंबर और बैंक खाते के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अधिक मुनाफे के लालच में किसी भी शेयर एडवाइजरी कंपनी की विश्वसनीयता जांचे बिना निवेश न करें। ट्रेडिंग के दौरान भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और अपने ट्रेडिंग डीमैट अकाउंट की आईडी व पासवर्ड किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करें। सोशल मीडिया पर मिलने वाले लुभावने ऑफर, टेलीग्राम, व्हाट्सऐप, इंस्टाग्राम या फेसबुक के फर्जी लिंक पर क्लिक करने से बचें और संदिग्ध एपीके फाइल डाउनलोड न करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत अपने नजदीकी थाने, एनसीआरपी पोर्टल या 1930 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें।
Read More : रायपुर के मौदहापारा संडे बाजार में निगम की कार्रवाई, सड़क पर दुकान लगाने वालों के सामान और ठेले जब्त

