Raipur Nagar Nigam Action रायपुर के मौदहापारा में लगने वाले संडे बाजार में आज नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मुख्य मार्ग से कब्जा हटाने का अभियान चलाया। बार-बार समझाइश के बावजूद सड़क पर सामान रखकर दुकान लगाने वाले फेरीवालों पर सख्ती बरती गई और कई ठेले व सामग्री जब्त की गई।
यह अभियान डॉ. संजीव शुक्ला और डॉ. गौरव कुमार सिंह के निर्देश पर चलाया गया। नगर निवेश विभाग जोन-2 के अधिकारियों, मौदहापारा थाना पुलिस बल और नगर निगम के उड़नदस्ता दल ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। टीम ने करीब 20 ठेलों को मार्ग से हटवाया, जबकि चेतावनी के बाद भी सड़क पर कब्जा करने वालों के लगभग 10 टेबल, पलंग और अन्य सामान जब्त किए गए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क पर सामान रखकर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। नगर निगम के अनुसार लगातार चल रहे अतिक्रमण विरोधी अभियान से मौदहापारा संडे बाजार मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुगम हुई है और आम नागरिकों को जाम की समस्या से राहत मिली है।
संडे बाजार को व्यवस्थित करने के लिए नगर निगम पहले ही पहचान पत्र अनिवार्य करने का आदेश जारी कर चुका है। अब बाजार में दुकान लगाने वाले फेरीवालों को अपना वैध पहचान पत्र निगम में जमा करना होगा, बिना आईडी किसी को भी व्यवसाय की अनुमति नहीं दी जाएगी। महापौर मीनल चौबे ने नगर निवेश विभाग को निर्देश दिए हैं कि केवल स्थानीय फेरीवालों को ही बाजार में बैठने की अनुमति दी जाए और बाहर से आने वाले व्यापारियों को अनुमति न दी जाए।
सभी दुकानदारों को तय की गई व्हाइट लाइन के भीतर ही बैठना होगा और बाजार का दायरा सीमित किया जाएगा, ताकि सड़क पर जाम और अव्यवस्था न हो। बाजार के समय निर्धारण पर भी पुनर्विचार किया जाएगा। इसके साथ ही शहर के सभी गेंट्री गेट के दोनों छोर पर स्पष्ट दिशा-सूचक बोर्ड लगाने और अनुबंध की शर्तों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

