CG Voter List: छत्तीसगढ़ में 1.87 करोड़ से अधिक मतदाता, फाइनल वोटर लिस्ट जारी; 2.34 लाख नए नाम जुड़े, 1.08 लाख हटाए गए

CG Voter List: छत्तीसगढ़ में 1.87 करोड़ से अधिक मतदाता, फाइनल वोटर लिस्ट जारी; 2.34 लाख नए नाम जुड़े, 1.08 लाख हटाए गए

CG Voter List: रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान के तहत मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। 21 फरवरी 2026 को जारी अंतिम सूची के अनुसार प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या अब 1 करोड़ 87 लाख 30 हजार 914 हो गई है। ड्राफ्ट प्रकाशन के बाद 2 लाख 34 हजार 994 नए मतदाताओं के नाम जुड़े हैं, जबकि 1 लाख 8 हजार 807 नाम सूची से हटाए गए हैं।

हटाए गए नामों में मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित और डुप्लीकेट मतदाता शामिल हैं। सबसे ज्यादा 30 हजार नाम रायपुर जिले में हटाए गए, जबकि कोरबा में 15 हजार और दुर्ग में 7 हजार मतदाताओं के नाम सूची से निकाले गए हैं।

आंकड़ों में बदलाव

ड्राफ्ट से पहले राज्य में 2 करोड़ 12 लाख 30 हजार 737 मतदाता थे। ड्राफ्ट प्रकाशन के बाद यह संख्या घटकर 1 करोड़ 84 लाख 95 हजार 920 रह गई थी। अब अंतिम प्रकाशन के बाद मतदाताओं की संख्या बढ़कर 1 करोड़ 87 लाख 30 हजार 914 हो गई है।
जिलावार वृद्धि में दुर्ग जिले में सर्वाधिक 30 हजार नए मतदाता जुड़े हैं, जबकि रायपुर में सबसे कम 521 नए नाम जोड़े गए हैं।

27 हजार से अधिक BLO ने किया सर्वे

27 अक्टूबर 2025 से शुरू हुआ यह अभियान 4 महीने तक राज्य के सभी 33 जिलों में मिशन मोड पर चलाया गया। इस दौरान 27,196 बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) ने घर-घर जाकर गणना फॉर्म वितरित किए। करीब 1.84 करोड़ मतदाताओं के फॉर्म का डिजिटलीकरण किया गया। मृत, स्थानांतरित और डुप्लीकेट नामों की पहचान कर सूची को अपडेट किया गया।

तय समय में निपटाए गए दावे-आपत्तियां

23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए दावे-आपत्तियां ली गईं। सभी आवेदनों का निराकरण 14 फरवरी 2026 तक कर लिया गया। जिन मतदाताओं के फॉर्म वापस नहीं मिले, उनकी विधानसभा-वार सूची आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित की गई।

राजनीतिक दलों को मुफ्त उपलब्ध कराई गई सूची

हर जिले में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को अंतिम मतदाता सूची की दो प्रतियां—एक फोटोयुक्त प्रिंटेड और एक बिना फोटो सॉफ्ट कॉपी—निशुल्क उपलब्ध कराई गई हैं। SIR के दौरान प्राप्त नवीनतम फोटो भी अपडेट किए गए हैं।

ऑनलाइन भी देख सकते हैं नाम

मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन सभी मतदान केंद्रों पर किया गया है। इसके अलावा मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ की आधिकारिक वेबसाइट https://ceochhattisgarh.nic.in और जिला निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर भी सूची उपलब्ध है।

नाम कट गया तो क्या करें?

अगर मतदाता सूची में नाम नहीं है तो फॉर्म-6 भरकर नया आवेदन किया जा सकता है। त्रुटि सुधार या स्थानांतरण के लिए फॉर्म-8 भरना होगा। संबंधित जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की वेबसाइट पर उपलब्ध है।


Related Articles