बलौदाबाजार जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने पलारी जनपद पंचायत में पदस्थ उप संभागीय अधिकारी (SDO) गोपाल कृष्ण शर्मा को 25 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई गुरुवार को की गई, जिससे संबंधित विभागों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी अधिकारी ने एक आवेदक से राजस्व संबंधी लंबित कार्य निपटाने के एवज में कुल एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। लगातार हो रही मांग से परेशान होकर आवेदक ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया।
बताया जा रहा है कि गुरुवार को जब आवेदक पहली किश्त के रूप में 25 हजार रुपये दे रहा था, उसी दौरान एसीबी की टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम भी जब्त कर ली गई।
एसीबी अधिकारियों ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है और इस प्रकरण से जुड़े अन्य संभावित लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
कार्रवाई के बाद जनपद पंचायत सहित संबंधित विभागों में हलचल है। आम लोगों ने एसीबी की कार्रवाई पर संतोष जताया है, वहीं भ्रष्ट अधिकारियों में भय का माहौल बताया जा रहा है।

