महाशिवरात्रि पर खुर्शीपार के ट्रांसपोर्ट नगर में निकली भव्य शिव बारात, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा पूरा क्षेत्र, उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़

महाशिवरात्रि पर खुर्शीपार के ट्रांसपोर्ट नगर में निकली भव्य शिव बारात, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा पूरा क्षेत्र, उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़

Khursipar Shiv Baraat News : खुर्शीपार स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भगवान भोलेनाथ की भव्य और आकर्षक शिव बारात धूमधाम से निकाली गई। बोल बम सेवा कल्याण समिति के अध्यक्ष दयासिंह के नेतृत्व में आयोजित इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे क्षेत्र में “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।

कार्यक्रम में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की धर्मपत्नी वीणा सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह, दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल, विधायक धरमलाल कौशिक, भाजपा प्रदेश मंत्री अमित साहू सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

शिव बारात में भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह का दृश्य आकर्षक झांकी के रूप में प्रस्तुत किया गया। वरमाला के दिव्य दृश्य ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। भूत-प्रेत, पिशाच, देवी-देवताओं और शिवगणों की जीवंत झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। अन्य राज्यों से आए कलाकारों ने अपनी पारंपरिक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को और भी भव्य बना दिया।

समिति के पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों ने अनुशासित एवं सुव्यवस्थित आयोजन का उदाहरण प्रस्तुत किया। सुरक्षा और व्यवस्था की बेहतर तैयारी के चलते कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर खुर्शीपार भिलाई में श्रद्धा, भक्ति, सांस्कृतिक समरसता और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

Read More : गुड गवर्नेंस पर सीएम साय का फोकस, डिजिटल सिस्टम के जरिए पारदर्शी प्रशासन की ओर बढ़ा छत्तीसगढ़


Related Articles