छत्तीसगढ़ सरकार का कुपोषण मुक्त अभियान तेज, पालदनौली में पोषण आहार निर्माण यूनिट का मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने किया शुभारंभ

छत्तीसगढ़ सरकार का कुपोषण मुक्त अभियान तेज, पालदनौली में पोषण आहार निर्माण यूनिट का मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने किया शुभारंभ

Chhattisgarh Malnutrition Free Campaign रायपुर। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने आज सूरजपुर जिले के ओड़गी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पालदनौली में “पूरक पोषण आहार” निर्माण यूनिट का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण सुरक्षा के लिए लगातार कार्य कर रही है।

मंत्री ने बताया कि यह यूनिट कुपोषण उन्मूलन की दिशा में एक महत्वपूर्ण और परिणामोन्मुखी पहल है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “सुपोषित भारत” संकल्प और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार कुपोषण के विरुद्ध व्यापक अभियान चला रही है।

पालदनौली में स्थापित इस यूनिट में मीठा शक्ति आहार एवं नमकीन पौष्टिक दलिया का निर्माण किया जाएगा। यूनिट का संचालन राधे महिला स्वयं सहायता समूह, पालदनौली द्वारा किया जाएगा। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक सामग्रियों से तैयार आहार आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से 6 माह से 6 वर्ष तक के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को नियमित रूप से वितरित किया जाएगा। इस व्यवस्था से गुणवत्ता, ताजगी और समयबद्ध वितरण सुनिश्चित होगा, जिससे बच्चों और माताओं के स्वास्थ्य में सकारात्मक सुधार आने की उम्मीद है।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को उत्पादन और वितरण की जिम्मेदारी सौंपना महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सशक्त कदम है। इससे समूह की महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनेंगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने राधे महिला स्वयं सहायता समूह की सराहना करते हुए कहा कि समूह की महिलाएं अब केवल योजनाओं की हितग्राही नहीं, बल्कि सफल उद्यमी के रूप में अपनी पहचान बना रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने यूनिट का अवलोकन कर निर्माण प्रक्रिया की जानकारी ली और स्वच्छता, गुणवत्ता तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप उत्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन और विभागीय अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Read More : कोरबा में मंत्री लखनलाल देवांगन ने 3 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण किया, दर्री जोन को मिली बड़ी सौगात


Related Articles