Raipur Development News रायपुर। राजधानी रायपुर को सुंदर, सुव्यवस्थित और जाम-मुक्त बनाने के संकल्प के साथ रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल सोमवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों के सघन निरीक्षण पर निकले। अधिकारियों की टीम के साथ उन्होंने विकास कार्यों की जमीनी हकीकत परखी और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत ऑक्सीजोन परिसर से हुई, जहां स्वच्छता, हरियाली और नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया गया। सांसद ने इसे अधिक जन-उपयोगी और व्यवस्थित बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
इसके बाद वे शंकर नगर मेन रोड पहुंचे। इस क्षेत्र में लंबे समय से बनी ट्रैफिक जाम की समस्या पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उन्होंने सड़क को अतिक्रमण मुक्त करने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के निर्देश दिए। शहर के मध्य स्थित अन्य व्यस्त सड़कों का भी अवलोकन कर ट्रैफिक प्रबंधन सुधारने पर जोर दिया गया।
सांसद अग्रवाल ने कचना में निर्माणाधीन रेल ब्रिज का निरीक्षण कर कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही जोरा से कचना, मोवा होते हुए WRS तक प्रस्तावित सड़क निर्माण स्थल का भी निरीक्षण किया और इसे शहर की यातायात व्यवस्था के लिए अत्यंत आवश्यक बताते हुए प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा। कचना क्षेत्र में रेलवे द्वारा स्वीकृत अंडरपास का भी अवलोकन किया गया।
इसके पश्चात वे नरहरिया तालाब, सिद्धार्थ चौक पहुंचे, जहां स्वीकृत दिव्यांग पार्क स्थल का निरीक्षण कर विशेष रूप से दिव्यांगजनों के लिए आधुनिक और सुविधायुक्त स्थान विकसित करने पर जोर दिया। इस दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि रायपुर केवल छत्तीसगढ़ की राजधानी ही नहीं, बल्कि प्रदेश की पहचान है। इसे सुरक्षित, स्वच्छ, सुव्यवस्थित और नागरिक-अनुकूल बनाना प्राथमिकता है तथा विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सांसद के इस दौरे के बाद प्रशासनिक अमले में भी सक्रियता देखी गई। स्थानीय नागरिकों ने उनके प्रयासों की सराहना करते हुए इसे रायपुर के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
Read More : Bilaspur Crime News : नशा करने पैसे मांगा, नहीं देने पर बेटे ने बाप को फावड़े से मारा, सिर चकनाचूर

