Damoh Accident News: दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले के झापन मार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार छिरारी की ओर से आ रहे बाइक सवार टूटे हुए पुल से नीचे गिर गए। बताया जा रहा है कि बाइक सवार सीधे व्यारमा नदी में जा गिरे, जिससे तीन लोगों की मौत की खबर है।
घटना की सूचना मिलते ही तेंदूखेड़ा थाना प्रभारी आर.एस. बागरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से मृतकों को नदी से बाहर निकाला गया। सभी को तत्काल अस्पताल भेजा गया।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक पुल का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त था। आशंका जताई जा रही है कि अंधेरे या तेज रफ्तार के कारण बाइक सवारों को टूटा हिस्सा दिखाई नहीं दिया और यह हादसा हो गया।
पुल की स्थिति को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश है। उनका कहना है कि क्षतिग्रस्त पुल की मरम्मत नहीं होने से पहले भी खतरा बना हुआ था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

