Raipur Water Crisis News रायपुर। राजधानी में पेयजल संकट को लेकर नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने नगर निगम प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने 22 जनवरी को नगर निगम आयुक्त और जल बोर्ड अधिकारियों को वार्ड में बुलाकर जमीनी स्थिति से अवगत कराया था।
बताया गया कि पूर्व में लाल बहादुर शास्त्री वार्ड अंतर्गत शिव मंदिर के आसपास गली नंबर 1 से 5 तक लगभग 450 घरों में अमृत मिशन का पानी पर्याप्त मात्रा में नहीं पहुंच पा रहा है। अहिल्याबाई होलकर चौक से लाई गई 4 इंच की पाइपलाइन से यादवपारा, धोबीपारा और अर्जुन चौक सहित करीब 900 घरों को पानी सप्लाई दी जा रही है, जिससे पानी का फोर्स कम हो रहा है।
नेता प्रतिपक्ष ने नगर निगम आयुक्त विश्वदीप और जल बोर्ड प्रमुख राजेश नायडू को सुझाव दिया कि पुरानी 4 इंच पाइपलाइन को अर्जुन चौक तक सीमित किया जाए तथा अहिल्याबाई होलकर चौक से शिव मंदिर क्षेत्र तक नई 4 इंच पाइपलाइन बिछाई जाए, ताकि गली नंबर 1 से 5 तक के घरों को नियमित पानी मिल सके।
नगर निगम आयुक्त ने पहले अर्जुन चौक के पास वाल्व लगाकर दो दिन परीक्षण करने की बात कही। जल बोर्ड ने 3 से 5 लाख रुपये खर्च कर 10 इंच, 8 इंच और 6 इंच के तीन वाल्व लगाए, लेकिन 20 दिन बाद भी स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ।
नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी का कहना है कि वाल्व लगाने से समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है। उनका कहना है कि प्रत्येक नागरिक को मूलभूत जल अधिकार मिलना चाहिए और किसी भी घर में पानी की कमी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने नगर निगम प्रशासन और महापौर परिषद पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यदि जमीनी हकीकत जानने के बाद भी समाधान नहीं हो रहा है तो आने वाली गर्मी में स्थिति और गंभीर हो सकती है। राजधानीवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस दिशा में ठोस कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।
Read More : रायपुर में ‘सूखे नशे’ पर बड़ी कार्रवाई, आरक्षक गिरफ्तार, 5.5 ग्राम हेरोइन और कारतूस के साथ एक और आरोपी दबोचा

