Raipur Drug Bust News रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने सूखे नशे के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ तस्करी के मामले में एक आरक्षक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 11 फरवरी 2026 को थाना टिकरापारा क्षेत्र में पदस्थ आरक्षक हिमांशु बर्मन को 1 ग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया गया था। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 119/26, धारा 21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया और पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान हिमांशु बर्मन ने लक्की सिंह को 6 ग्राम चिट्टा हेरोइन बेचना स्वीकार किया। इसके आधार पर पुलिस ने 13 फरवरी 2026 को लक्की सिंह (उम्र 28 वर्ष) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 5.5 ग्राम चिट्टा हेरोइन और 1 जिंदा कारतूस बरामद किया। मामले में धारा 21बी, 29 एनडीपीएस एक्ट तथा 25 आर्म्स एक्ट की धाराएं जोड़ी गईं।
कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में की गई। संयुक्त पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मादक पदार्थ के स्रोत से गंतव्य तक पूरी कड़ी की जांच कर अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश कर रही है।
Read More : रायपुर को ट्रैफिक जाम से राहत, रिंग रोड नंबर-1 चौड़ीकरण को NHAI की मंजूरी, इतने करोड़ स्वीकृत

