CG News: आरंग विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा को बड़ी सौगात, नए स्कूल भवनों के लिए ₹1.53 करोड़ से अधिक की प्रशासकीय स्वीकृति

CG News: आरंग विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा को बड़ी सौगात, नए स्कूल भवनों के लिए ₹1.53 करोड़ से अधिक की प्रशासकीय स्वीकृति

Chhattisgarh News: आरंग। छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ द्वारा आरंग विधानसभा क्षेत्र की पूर्व माध्यमिक एवं प्राथमिक शालाओं के लिए नवीन स्कूल भवन निर्माण हेतु ₹1 करोड़ 53 लाख 92 हजार से अधिक की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

यह महत्वपूर्ण स्वीकृति आरंग विधायक एवं प्रदेश सरकार में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब (कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग) के सतत प्रयासों और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम मानी जा रही है। मंत्री के प्रयासों से क्षेत्र में शैक्षणिक आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने इस स्वीकृति के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव तथा वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में मजबूत शैक्षणिक ढांचा तैयार कर रही है।

शिक्षा क्षेत्र को मिलेगी नई दिशा

स्वीकृत कार्यों के अंतर्गत आरंग विधानसभा क्षेत्र की दर्जनों शासकीय पूर्व माध्यमिक शालाओं के लिए नवीन भवनों का निर्माण किया जाएगा। प्रत्येक विद्यालय के लिए ₹11.84 लाख की राशि स्वीकृत की गई है। इसके अतिरिक्त शासकीय प्राथमिक शाला, इंदिरा कॉलोनी, मंदिर हसौद के लिए ₹11.48 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई है।

नवीन भवनों के निर्माण से विद्यार्थियों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त वातावरण मिलेगा। इससे विद्यालयीन व्यवस्था सुदृढ़ होने के साथ-साथ विद्यार्थियों की उपस्थिति एवं शिक्षा की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार होने की संभावना है।

जिन विद्यालयों को मिली स्वीकृति

  • शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला लोधीपारा (आरंग)
  • शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला सदर रोड (आरंग)
  • शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पचेड़ा
  • शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला चकवे
  • शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बिरबिरा
  • शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला गुल्लू
  • शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कुहेरा
  • शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बकतरा
  • शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला खोरसी
  • शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कोरासी
  • शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला अरुंधति देवी (आरंग)
  • शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला भलेरा
  • शासकीय प्राथमिक शाला इंदिरा कॉलोनी, मंदिर हसौद

“शिक्षा से मजबूत होगा आरंग”

मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि आरंग विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा को मजबूत करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि मजबूत शैक्षणिक आधारभूत संरचना भविष्य की पीढ़ी को सशक्त बनाएगी और क्षेत्र विकास के नए आयाम स्थापित करेगी।


Related Articles