Chhattisgarh Central Jail News रायपुर। छत्तीसगढ़ की चार केंद्रीय जेलों को अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानक आईएसओ 9001:2015 का प्रमाणन प्राप्त हुआ है। सेंट्रल जेल रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और अंबिकापुर को यह प्रमाणन जेल व्यवस्थाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुदृढ़ करने के प्रयासों के तहत मिला है।
उप मुख्यमंत्री एवं जेल विभाग के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा के निर्देशन में राज्य की जेलों में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप कार्यप्रणाली स्थापित करने की पहल की गई थी। इसी क्रम में आईएसओ सर्टिफिकेशन की प्रक्रिया पूर्ण कर चारों केंद्रीय जेलों को यह प्रमाणन प्रदान किया गया।

इस उपलब्धि से जेल प्रशासन की कार्यप्रणालियों में एकरूपता और पारदर्शिता को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही बंदी कल्याण, मानवाधिकार संरक्षण, जोखिम प्रबंधन और जवाबदेही की व्यवस्था और मजबूत होगी। इससे जनविश्वास एवं संस्थागत विश्वसनीयता में भी वृद्धि होने की उम्मीद है।
राज्य सरकार का उद्देश्य जेलों को केवल निरुद्ध स्थान के रूप में नहीं, बल्कि सुधार और पुनर्वास केंद्र के रूप में विकसित करना है। आईएसओ प्रमाणन को सुधारात्मक न्याय प्रणाली को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
