World Radio Day 2026 Raipur रायपुर। राजधानी रायपुर में 13 फरवरी 2026 को ‘विश्व रेडियो दिवस’ के अवसर पर अंतरराष्ट्रीय महत्व का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन प्रसार भारती और यूनेस्को (UNESCO) के संयुक्त तत्वावधान में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, प्रसार भारती तथा आकाशवाणी महानिदेशालय के सहयोग से आकाशवाणी रायपुर द्वारा किया जा रहा है।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा यूनेस्को के प्रतिनिधि, प्रसार भारती एवं आकाशवाणी के वरिष्ठ अधिकारी तथा विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ भी कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।
इस वर्ष ‘विश्व रेडियो दिवस 2026’ की थीम “रेडियो और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस)” निर्धारित की गई है। आयोजन में रेडियो प्रसारण में एआई के नवाचारपूर्ण उपयोग, कंटेंट निर्माण में इसकी भूमिका और उससे जुड़ी नैतिक चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। साथ ही श्रोताओं तक प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने के लिए आधुनिक तकनीकी उपायों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान ऑडियो-विजुअल प्रस्तुतियां, विशेषज्ञ पैनल चर्चा और परिचर्चा सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें रेडियो माध्यम के भविष्य और तकनीकी बदलावों पर विचार-विमर्श होगा।
उल्लेखनीय है कि विश्व रेडियो दिवस प्रतिवर्ष 13 फरवरी को मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य समाज में रेडियो की विश्वसनीयता और महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करना है। रायपुर में आयोजित यह कार्यक्रम रेडियो को तकनीकी रूप से अधिक सशक्त, समावेशी और भविष्य के अनुरूप बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

