Raipur News रायपुर। बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रायपुर कमिशनरेट के सेंट्रल जोन में आज एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। डीसीपी सेंट्रल जोन उमेश गुप्ता ने शहर के विभिन्न स्कूलों के प्रिंसिपल्स के साथ बैठक कर स्कूल परिसरों में सुरक्षा, अनुशासन और अपराध-निरोधक वातावरण को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस बैठक में लगभग 60 स्कूलों के प्रिंसिपल्स की सहभागिता रही। बैठक में एडिशनल डीसीपी तारकेश्वर पटेल एवं एसीपी सिविल लाइन रमाकांत साहू भी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान डीसीपी उमेश गुप्ता ने कहा कि स्कूल बच्चों के भविष्य की नींव होते हैं, इसलिए वहां किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने स्कूल परिसरों में बढ़ती चुनौतियों, छात्रों की सुरक्षा, अनुशासन, नशे, साइबर अपराध और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से दिशा-निर्देश दिए।
डीसीपी ने स्कूल परिसरों में धारदार और आपत्तिजनक वस्तुओं पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने औचक बैग-चेकिंग सुनिश्चित करने, संदिग्ध वस्तु मिलने पर तत्काल अभिभावकों को सूचना देने, छात्रों की काउंसलिंग कराने और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस को सूचित करने को कहा।
मोबाइल फोन के बढ़ते दुरुपयोग को लेकर भी चिंता जताई गई। डीसीपी ने छात्रों को साइबर बुलिंग, अश्लील कंटेंट, ऑनलाइन गेमिंग-सट्टा और सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। वहीं, नाबालिग छात्रों द्वारा दोपहिया और चारपहिया वाहन चलाने पर सख्ती से रोक लगाने को कहा गया।
बैठक में स्कूलों में झगड़ा, धमकी, गैंग-कल्चर और बुलिंग पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने पर जोर दिया गया। संदिग्ध व्यवहार वाले छात्रों की काउंसलिंग, अभिभावकों से नियमित संवाद और गंभीर मामलों में पुलिस को सूचना देने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा नशा, तंबाकू, गुटखा और ई-सिगरेट पर भी विशेष निगरानी रखने को कहा गया। स्कूल परिसरों और आसपास इनकी बिक्री पर नजर रखने के निर्देश दिए गए। डीसीपी ने सभी स्कूलों में कार्यशील सीसीटीवी कैमरे, प्रवेश-निकास द्वार पर गार्ड की तैनाती और बाहरी व्यक्तियों के लिए रजिस्टर अनिवार्य करने पर भी बल दिया। आपात स्थिति से निपटने के लिए स्कूलों में नजदीकी थाना और बीट अधिकारी के संपर्क नंबर उपलब्ध रखने तथा महिला-पुरुष वॉशरूम के स्पष्ट संकेतक लगाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के अंत में डीसीपी उमेश गुप्ता ने सभी प्रिंसिपल्स से पुलिस के साथ समन्वय बनाकर बच्चों के लिए सुरक्षित, अनुशासित और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस दिशा में पुलिस हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।
Read More : रायपुर में युवक की हत्या, ढाबा में भोजन के दौरान कुत्ते को खाने देने पर हुआ था विवाद, 2 आरोपी हिरासत में

