Raigarh Medical College News रायगढ़। मेडिकल कॉलेज अस्पताल रायगढ़ में पोस्टमॉर्टम प्रक्रिया में हुई देरी के कारण मंगलवार को परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। अलग-अलग थाना क्षेत्रों से लाए गए चार शव पूरे दिन मॉर्च्युरी कक्ष में रखे रहे, लेकिन शाम तक पोस्टमॉर्टम शुरू नहीं हो सका। इस दौरान मृतकों के परिजन घंटों अस्पताल परिसर में डॉक्टरों का इंतजार करते रहे।
जानकारी के अनुसार, पोस्टमॉर्टम के लिए खरसिया के तेलीकोट, तमनार, पुसौर के पुटकापुरी सहित एक अन्य गांव से शव मेडिकल कॉलेज लाए गए थे। नियमानुसार सभी शवों का मंगलवार को ही पोस्टमॉर्टम किया जाना था, लेकिन शाम करीब 4 बजे तक कोई भी डॉक्टर मॉर्च्युरी नहीं पहुंचा। परिजनों ने कई बार अस्पताल स्टाफ से संपर्क किया, लेकिन उन्हें केवल इंतजार करने की बात कही जाती रही।
लंबे समय तक इंतजार के बाद कुछ परिजनों ने नाराजगी भी जाहिर की। उनका कहना था कि परिवार पहले ही गहरे सदमे में है और पोस्टमॉर्टम में हुई देरी ने उनकी पीड़ा को और बढ़ा दिया। देर शाम डॉक्टरों के पहुंचने के बाद एक-एक कर सभी शवों का पोस्टमॉर्टम किया गया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिए गए।
तेलीकोट निवासी मृतक शंकर यादव (35) के परिजन गणेश्वर यादव ने बताया कि शंकर ने 3 फरवरी को अज्ञात कारणों से जहर सेवन किया था। निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजे जाने के बावजूद घंटों तक डॉक्टरों का इंतजार करना पड़ा, जिससे चारों परिवारों को अनावश्यक परेशानी झेलनी पड़ी।
मामले में मेडिकल कॉलेज अस्पताल के डीन संतोष कुमार ने बताया कि देरी की जानकारी मिलने पर जांच कराई गई। जांच में सामने आया कि पंचनामा समय पर नहीं पहुंचने के कारण पोस्टमॉर्टम प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि अब सभी शवों का पोस्टमॉर्टम कर आगे की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
Read More: गाय से टकराकर गिरे बाइक सवार ट्रक की चपेट में आया, युवक की मौके पर मौत, शराब पीकर घर लौट रहे थे

