राजधानी में गोमांस-पानी के मुद्दे पर प्रदर्शन, कांग्रेस ने किया नगर निगम का घेराव, जमकर की नारेबाजी

राजधानी में गोमांस-पानी के मुद्दे पर प्रदर्शन, कांग्रेस ने किया नगर निगम का घेराव, जमकर की नारेबाजी

MP News in Hindi: भोपाल। राजधानी भोपाल में पिछले एक महीने से सुर्खियों में बने गोमांस और गंदे पानी की सप्लाई के मुद्दे पर सोमवार को बड़ा प्रदर्शन हुआ। कांग्रेस नेता रविंद्र साहू झूमरवाला के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आईएसबीटी स्थित निगम दफ्तर का घेराव किया और महापौर मालती राय और एमआईसी का रावण रूपी पुतला फूंका। इससे पहले पुलिस के साथ धक्का-मुक्की हुई और जोरदार नारेबाजी की गई। बता दें कि कांग्रेसी महापौर का 11 सिर वाला कटआउट लेकर पहुंचे थे, जिसमें 10 सिर अन्य जिम्मेदारों के हैं।

बता दें कि इंदौर में दूषित पानी पीने से 33 लोगों की जान चली गई। भोपाल में भी ऐसा ही खतरा मंडरा रहा है। कई इलाकों में सीवेज के साथ ही पानी की लाइन है। इससे पानी गंदा आ रहा है। दूसरी ओर, वार्ड ऑफिसों में जल सुनवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति ही हो रही है। नाले के पानी को भी पीने योग्य बताया जा रहा है।

पिछले दिनों भास्कर की पड़ताल में वार्ड के कर्मचारी ने नाली के पानी को पीने योग्य बता दिया था। कांग्रेस नेता साहू ने बताया कि कहीं पानी के चैंबर में सीवेज का पानी मिल रहा है तो कहीं गंदा पानी सप्लाई हो रहा है। इससे लोग बीमार भी हो रहे हैं।

इसके अलावा स्लॉटर हाउस में गोमांस मिलने का मामला भी गंभीर है। अब तक छोटे कर्मचारियों पर ही कार्रवाई हुई है, लेकिन जिम्मेदार महापौर और एमआईसी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। एमआईसी मीटिंग से ही स्लॉटर हाउस का प्रस्ताव पास हुआ था।

यह है गोमांस का मामला

बता दें कि जहांगीराबाद थाना प्रभारी मान सिंह चौधरी ने 24 दिसंबर 2025 को एक एफआईआर दर्ज की। इसमें 7 दिन पहले, 17 दिसंबर को कंटेनर नंबर यूपी 15 जेटी 4286 में मांस मिलने का हवाला दिया। 18 दिसंबर को वेटनरी अस्पताल जहांगीराबाद में कंटेनर में भरे 265 क्विंटल (26.5 टन) मांस में से वेटनरी डॉक्टर की टीम ने अलग-अलग 5 डिब्बों में सैंपल लिए। बाकी मांस कंटेनर के ड्राइवर शोएब पिता कमालउद्‌द्दीन को ही सुपुर्दगी में दे दिया गया।

मथुरा की लैब में भेजे गए सैंपल

पुलिस ने जो सैंपल कंटेनर में मिले मांस के लिए थे, उन्हें पुलिस ने जांच के लिए फोरेंसिक लेबोरेटरी मथुरा को भेजे। संदिग्ध मांस के सैंपल की जांच रिपोर्ट भी मिल गई। जिसमें मांस में गोमांस (SAMPLE BELONG TO COW OR IT’S PROGENY) का होना सामने आया। गोमांस की पुष्टि होने के बाद हिंदूवादी संगठनों ने अरेरा हिल्स थाने के सामने प्रदर्शन किया। इसके बाद पुलिस ने जिंसी स्थित आधुनिक स्लॉटर हाउस का संचालन करने वाली लाइव स्टाक फूड प्रोसेसर प्राइवेट लिमिटेड में पहुंचकर दस्तावेज जब्त किए थे।


Related Articles