Central Bank MSME Loan : रायपुर। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा रायपुर में एमएसएमई ऋण आउटरीच कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम देशभर में चलाए जा रहे एमएसएमई ऋण आउटरीच अभियानों की श्रृंखला का हिस्सा रहा। कार्यक्रम का आयोजन छत्तीसगढ़ चेंबर्स ऑफ कॉमर्स के सभागार में किया गया, जिसमें लगभग 60 उद्यमियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य एमएसएमई क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों को बैंक के नवीन एवं सुलभ ऋण उत्पादों की जानकारी देना तथा उन्हें वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना था। इस अवसर पर कुल 45 हितग्राहियों को लगभग 193 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृत किए जाने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान एमएसएमई उद्यमियों से बैंकिंग सेवाओं एवं ऋण प्रक्रियाओं को लेकर फीडबैक भी लिया गया, जिससे बैंक अपनी सेवाओं को और अधिक सरल एवं प्रभावी बना सके। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मेसर्स आकृति सुपर स्टोर्स प्रा. लि. के डायरेक्टर आशीष अग्रवाल उपस्थित रहे। वहीं विशेष अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ चेंबर्स ऑफ कॉमर्स के कार्यकारी अध्यक्ष राधाकिशन सुंदरानी शामिल हुए।
प्रेस वार्ता के दौरान बैंक के महाप्रबंधक पी. महादेवन ने एमएसएमई क्षेत्र को देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर सहयोग प्रदान कर रहा है।
Read More : दुर्ग जिले के ग्राम पंचायत सांकरा में रोजगार एवं आवास दिवस का आयोजन, इस दिन लगेगा शिकायत समाधान शिविर

