CG Latest News: रायपुर। स्थानीय सर्किट हाउस में शुक्रवार की शाम उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित एक गरिमामय समारोह में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जब सीधे जमीनी स्तर पर हितग्राहियों तक पहुँचा, तो उनके चेहरों पर खुशी साफ झलक उठी। कार्यक्रम में वन मंत्री श्री केदार कश्यप एवं विधायक किरण सिंह देव की विशेष उपस्थिति रही। अतिथियों ने विभिन्न विभागों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को सामग्री एवं सहायता राशि वितरित कर सबका साथ, सबका विकास के संकल्प को साकार किया।
कार्यक्रम के दौरान सबसे भावुक और प्रेरणादायी क्षण तब देखने को मिले जब समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों को सशक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए। उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा, वन मंत्री श्री कश्यप एवं विधायक श्री देव ने करण नाग, संजय सांतरा एवं विजय मौर्य को मोटराइज्ड ट्राई-साइकिल प्रदान की। वहीं राकेश कुमार मिश्रा को कृत्रिम पैर तथा विपिन सिंह को श्रवण यंत्र सौंपकर उन्हें आत्मनिर्भर जीवन की ओर अग्रसर किया गया।
शिक्षा और तकनीक के महत्व को रेखांकित करते हुए समग्र शिक्षा अभियान के तहत विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराए गए। विवेक कुमार एवं सुभद्रा को मोबाइल किट, जबकि जयबती और गायत्री को टैबलेट वितरित किए गए, जिससे वे आधुनिक शिक्षा व्यवस्था से जुड़ सकें।
महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत महिला समूहों को संसाधन प्रदान किए गए। जागृति, तिरंगा, इंद्रावती एवं झांसी की रानी महिला क्लस्टर संगठनों को ईंट-सीमेंट निर्माण इकाइयों के संचालन हेतु चेक एवं स्वीकृति पत्र सौंपे गए। इसके अतिरिक्त कंकालीन एवं दुर्गा स्व-सहायता समूहों को भी प्रोत्साहन प्रदान किया गया। यह पहल ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत वर्षों से पक्के मकान का सपना देख रहे परिवारों के लिए यह अवसर अविस्मरणीय रहा। उप मुख्यमंत्री ने लक्ष्मी बाई राव, बबिता कश्यप, अलाबती, गजमती एवं सेवती नायक सहित कई हितग्राहियों को उनके नए आवास की चाबियाँ सौंपी। वहीं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत ममता यादव एवं नासिर खान को चेक प्रदान कर छोटे व्यापारियों को आर्थिक संबल दिया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बुजुर्ग हितग्राहियों को प्रधानमंत्री वय वंदना योजना का लाभ प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि शासन की प्राथमिकता समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाना है, ताकि हर वर्ग सशक्त और आत्मनिर्भर बन सके।
इस अवसर पर कमिश्नर श्री डोमन सिंह, आईजी श्री सुंदरराज पी., जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

