रायपुर पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर चोर, आंध्र, उड़ीसा, दिल्ली समेत कई राज्यों फैला था चोरी का नेटवर्क

रायपुर पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर चोर, आंध्र, उड़ीसा, दिल्ली समेत कई राज्यों फैला था चोरी का नेटवर्क

Raipur Police Arrest Lokesh Shrivas रायपुर। देश के कई राज्यों में ज्वेलरी और कपड़ा दुकानों में करोड़ों की चोरी करने वाले शातिर नकबजन लोकेश श्रीवास को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी हाल ही में बिलासपुर जेल से रिहा हुआ था और जेल से छूटते ही उसने रायपुर में एक के बाद एक चोरी की वारदातों को अंजाम दिया।

थाना सिविल लाइन क्षेत्र अंतर्गत शिव कुमार वर्मा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी ‘लब-डब’ नामक कपड़े की दुकान, माता गैराज के पास पंडरी में स्थित है। 31 जनवरी और 1 फरवरी 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात आरोपी ने दुकान का छप्पर तोड़कर गल्ले से करीब 2.75 लाख रुपये नगद चोरी कर लिए। इसी रात पास की नोवा फर्नीचर दुकान से 1.40 लाख रुपये और डिजाइनर सेनिटेशन एवं हार्डवेयर दुकान से लगभग 2.85 लाख रुपये नगद चोरी किए गए। तीनों दुकानों से कुल 7 लाख रुपये की चोरी हुई। इस मामले में थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 56/26 धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए रायपुर पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले के मार्गदर्शन में पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थलों का निरीक्षण कर आसपास लगे हजारों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का तकनीकी विश्लेषण किया।

तरीका-ए-वारदात से यह स्पष्ट हुआ कि सभी चोरी की घटनाएं एक ही आरोपी द्वारा की गई हैं। सीसीटीवी फुटेज और साइबर डेटा के मिलान के बाद आरोपी की पहचान शातिर चोर लोकेश श्रीवास के रूप में हुई, जो हाल ही में जेल से रिहा हुआ था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पतासाजी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। कड़ाई से पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदातों को स्वीकार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने थाना मौदहापारा क्षेत्र के के.के. रोड स्थित जया ऑटोमोबाइल दुकान में भी छत तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया, जिस पर थाना मौदहापारा में अपराध क्रमांक 25/26 दर्ज है। आरोपी के कब्जे से चोरी की 79,500 रुपये नगद राशि और दो मोबाइल फोन, कुल लगभग एक लाख रुपये मूल्य का सामान जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार लोकेश श्रीवास एक आदतन अपराधी है, जिसने आंध्र प्रदेश के विजयनगर में ज्वेलरी दुकान से छह किलो सोना, उड़ीसा में 500 ग्राम सोने के जेवर, राजनांदगांव, दुर्ग और कबीरधाम सहित कई जिलों में करोड़ों की चोरी को अंजाम दिया है। वह अब तक प्रदेश और देश के अन्य राज्यों में दो दर्जन से अधिक चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है।

गिरफ्तार आरोपी लोकेश श्रीवास उर्फ गोलू, पिता कपिल श्रीवास, उम्र 35 वर्ष, निवासी कैलाश नगर, विवेकानंद स्कूल के पास, थाना कोतवाली, जिला कबीरधाम है। पुलिस आरोपी से अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर रही है।

Read More : नवा रायपुर प्रीमियर लीग का समापन, क्रिकेट और बैडमिंटन विजेताओं को किया गया सम्मानित


Related Articles