Ayodhya Kashi Darshan : छत्तीसगढ़ से 850 श्रद्धालुओं का जत्था अयोध्या-काशी दर्शन के लिए रवाना, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने दी शुभकामनाएं

Ayodhya Kashi Darshan : छत्तीसगढ़ से 850 श्रद्धालुओं का जत्था अयोध्या-काशी दर्शन के लिए रवाना, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने दी शुभकामनाएं

Chhattisgarh Shraddhalu Ayodhya Kashi Yatra रायपुर। भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या धाम के दर्शन को सहज और सुलभ बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत आज बिलासपुर रेलवे स्टेशन से 850 श्रद्धालुओं का जत्था भारत गौरव स्पेशल ट्रेन से अयोध्या के लिए रवाना हुआ। इस धार्मिक यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन का भी विशेष अवसर मिलेगा।

राज्य सरकार की इस जनकल्याणकारी पहल ने छत्तीसगढ़वासियों की धार्मिक आस्था को नई दिशा दी है। यात्रा को सफल बनाने के लिए छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल एवं आईआरसीटीसी के सहयोग से यात्रियों को आधुनिक और सुव्यवस्थित सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना सरकार की जन-केंद्रित सोच का प्रतीक है, जिसके माध्यम से आम नागरिकों को धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिल रहा है।

बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर सुबह से ही भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा। श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते नजर आए। स्टेशन परिसर को फूलों, रंगोलियों और भगवा ध्वजों से आकर्षक रूप से सजाया गया था। छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड एवं आईआरसीटीसी के कर्मचारियों द्वारा यात्रियों का स्वागत चाय, नाश्ता एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर किया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, मुंगेली जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडे, सभापति अंबालिका साहू सहित जिला प्रशासन के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं ने राज्य सरकार की इस पहल की सराहना की। मुंगेली निवासी सुनीता बाई ने बताया कि उन्हें पहली बार अयोध्या जाने का अवसर मिला है और सरकार की इस योजना से पूरी यात्रा बेहद आसान और सुखद हो गई है। वहीं बिलासपुर के रामेश्वर साहू ने कहा कि रेलवे स्टेशन का माहौल और व्यवस्थाएं देखकर यह यात्रा जीवन भर यादगार बन गई है।

यह योजना राज्य सरकार की दूरदर्शी नीति का उदाहरण है, जिसके अंतर्गत श्रद्धालुओं को निःशुल्क यात्रा टिकट, शाकाहारी भोजन एवं चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। यात्रा का समग्र प्रबंधन छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल द्वारा किया जा रहा है, जबकि टिकटिंग, भोजन और दर्शन व्यवस्था की जिम्मेदारी आईआरसीटीसी संभाल रहा है। यह पहल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ सांस्कृतिक एकता को भी मजबूत कर रही है।

Read More : बस्तर पर्यटन को मिलेगा नया आयाम, मेंद्री घूमर जलप्रपात के पास होगा रिसॉर्ट निर्माण


Related Articles